इस बार भारी गर्मी के लिए तैयार रहें: आईएमडी

देश में इस गर्मी के मौसम में तापमान सामान्य से अधिक रहेगा और कई राज्यों में लू चलने का अनुमान है। इस साल की जनवरी 116 सालों में आठवीं सर्वाधिक गर्म जनवरी है।

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि कई राज्यों में लू चलने की संभावना है। विभाग ने यह आशंका अपने सीजन (मार्च से मई) के मौसम अनुमान में जताई है। मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर-पश्चिम क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित रहेगा। इस दौरान इन इलाकों में तापमान सामान्य से एक डिग्री तक बढ़ सकता है। देश के बाकी के हिस्सों में भी तापमान बढ़ सकता है।

मौसम विभाग ने कहा कि सामान्य से एक डिग्री तापमान से देश के पूरे उपखंड प्रभावित रहेंगे। उत्तर-पूर्व के इलाकों में तापमान में एक डिग्री से ज्यादा की वृद्धि होने की संभावना है। सामान्य तापमान से ऊपर की दशा में इन इलाकों में गर्म लू चलने की संभावना रहती है।

इन इलाकों में पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तेलंगाना शामिल हैं। लू चलने वाले इलाकों में महाराष्ट्र के मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र व विदर्भ क्षेत्र और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाका भी है।

1901 के बाद से साल 2016 सबसे गर्म साल दर्ज हुआ है। राजस्थान के फलौदी में पारा 51 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो कि देश में अब तक सबसे ज्यादा है।

पिछले साल कठोर जलवायु परिस्थितियों के कारण 1600 लोगों की मौत हो गई है। इनमें से 700 लोगों की जान लू के कारण गई थी। आंध्र प्रदेश और लेलंगाना में 400 से अधिक मौतें दर्ज की गई थीं। इस साल की जनवरी 1901 के बाद से आठवीं सर्वाधिक गर्म जनवरी है।

Leave a Reply