जिला अस्पताल में मरीजों से पैसे लेने पर भड़के योगी के मंत्री, जांच के आदेश

बलिया। प्रदेश सरकार के उर्जा व जिले के प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा ने गुरूवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इसमें मरीजों से पैसा लेने व मरीज के भर्ती होने के बाद उपचार नहीं करने की पुष्टि हुई। प्रभारी मंत्री ने इसे गंभीरता से लेते हुए सीएमएस को जांच कर कारवाई करने का आदेश दिया।

साथ ही अधिकारियों को कार्य प्रणाली में सुधार लाने की चेतावनी दी। प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा ने जिला अस्पताल की इमरजेंसी व वार्ड का निरीक्षण किया। वार्ड के निरीक्षण के दौरान मरीजों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाये। इमरजेंसी वार्ड में मरीज घूरा प्रसाद निवासी आवास विकास कालोनी ने बताया कि वह तीन मई से अस्पताल में भर्ती है। लेकिन अभी तक उसकी जांच नहीं कराई गई। इससे उपचार बाधित चल रहा है।

वहीं जनपद स्तरीय गोताखोर सुभाष बिंद निवासी भोजपुर रेवती ने बताया कि सड़क हादसे में उनका पैर टूट गया है। वह रविवार को भर्ती हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्लास्टर व दवा के एवज में उनसे पांच सौ रुपये लिए गये हैं। इसे सुनकर प्रभारी मंत्री भौचक्के हो गये।

उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए सीएमएस को जांच कर कारवाई करने का आदेश दिया। यही नहीं एक मरीज ने तो यह भी आरोप लगाया कि वह काफी गरीब है, उसे भोजन की दिक्कत है। इसके बाद भी उसे जिला अस्पताल में भोजन नहीं मिलता है।

प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में कुछ भी ठीक नहीं है। यहां संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है। अधिकारी संवेदनशून्य हो गये हैं। इन्हें गरीबों के उपचार में संवेदना दिखानी पड़ेगी। 

Leave a Reply