नगर निगम के चुनावी मैदान में उतरीं शिमला की 60 महिलाएं

शिमला: राजधानी शिमला की 60 महिलाएं इस बार नगर निगम के चुनावी मैदान में उतरी हैं। निगम में 50 प्रतिशत आरक्षण के तहत 34 में से 17 महिलाएं चुनकर आएंगी हालांकि निगम के कई ओपन वार्डों से भी महिला प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, ऐसे में यदि ओपन वार्ड से महिला उम्मीदवार जीतकर आती हैं तो सदन के भीतर महिलाओं की संख्या 17 से अधिक होगी। निगम चुनाव में पूर्व महिला मेयर भी चुनावी मैदान में उतरी हैं। बीते कार्यकाल में नगर निगम में 25 में से 13 महिलाएं चुनकर आई थीं लेकिन इस बार वार्डों की डीलिमिटेशन होने के बाद वार्डों की संख्या 25 से बढ़कर 34 हो गई है। जाहिर है कि महिलाओं की भागीदारी भी 50 प्रतिशत आरक्षण के तहत बढ़ेगी। आरक्षण के तहत महिलाओं को नगर निगम सदन में बैठने का मौका मिल रहा है और महिलाएं शहर के विकास में बढ़-चढ़कर अपना सहयोग दे रही हैं। निगम चुनाव के लिए चुनावी मैदान में उतरी ये 60 महिलाएं चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक रही हैं ताकि जीत को सुनिश्चित किया जा सके। 

किस वार्ड से कितनी महिलाएं चुनावी जंग में 
नगर निगम के भराड़ी वार्ड से 3, अनाडेल से 3, कैथू से 1, समरहिल से 3, बालूगंज से 3, कच्चीघाटी से 1, नाभा से 2, कृष्णानगर से 3, रामबाजार से 1, जाखू से 2, बैनमोर से 3, इंजनघर से 3, संजौली चौक से 1, अप्पर ढली से 2, शांति विहार से 6, भट्टाकुफर से 3, सांगटी से 3, छोटा शिमला से 4, विकासनगर से 4, कंगनाधार से 3, पटयोग से 2, न्यू शिमला से 1 व कनलोग से 4 महिला प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरी हैं।


126 प्रत्याशी हैं इस बार चुनावी मैदान में 
निगम चुनाव के लिए इस बार कुल 126 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इनमें से 60 महिलाएं हैं जबकि 66 पुरुष हैं। इस बार वार्डों की संख्या बढऩे से प्रत्याशियों की संख्या में भी बढ़ौतरी हुई है। सबसे अधिक महिला प्रत्याशी शांति विहार वार्ड से हैं, यहां पर 6 महिलाएं आमने-सामने होंगी।

नाभा, अनाडेल व विकासनगर वार्ड तय करेंगे शहर के मेयर की कुर्सी 
शहर के अनुसूचित जाति रिजर्व वार्ड शहर का मेयर तय करेंगे। शहर के नाभा, अनाडेल व विकासनगर वार्ड महिला एस.सी के लिए रिजर्व हैं। निगम में इस बार मेयर की कुर्सी महिला एस.सी के लिए रिजर्व है, ऐसे में ये 3 वार्ड शहर का मेयर तय करेंगे। इन  तीनों वार्डों से कांग्रेस, भाजपा व माकपा ने महिला उम्मीदवारों को उतारा है। अब इन महिलाओं के जीतने व बहुमत साबित करने वाली महिला उम्मीदवार को मेयर बनाया जाएगा।

Leave a Reply