दिल्ली: सीजन का सबसे ठंडा दिन बुधवार, तापमान 4 डिग्री सेल्सियस

दिल्ली में बुधवार को इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। दिल्ली में सर्द हवाओं के बीच तापमान घटकर 4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। मंगलवार को दिल्ली का तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस था। ठंड का असर दिल्ली आने वाली ट्रेनों और कई उड़ानों पर भी नजर आया।

दिल्ली में पारा गिरने से कड़ाके की ठंड महसूस की गई। दिल्ली का बुधवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली और उत्तरी राज्यों में कोहरा पड़ने से 26 ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जबकि 7 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया और 11 ट्रेनों को रद्द किया गया है। कोहरे के चलते पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, शान ए पंजाब एक्सप्रेस और काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को रद्द किया गया है।

कोहरे का असर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों के परिचालन पर देखने को मिला। एक अंतरराष्ट्रीय और पांच घरेलु उड़ानें प्रभावित हुई।

वहीं फिर से बर्फबारी होने से हिमाचल प्रदेश के शिमला में ठिठुरन बढ़ गई है। यहां बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गई है। सड़कों पर बर्फ की मोटी चादर जम गई है जिससे कई पर्यटक फंस गए है। वहीं प्रशासन ने कई जगहों पर पर्यटकों के जाने पर रोक लगा दी गई है।

Leave a Reply