देशभर में सिर्फ एक आवाज की गूंज “मोदी-मोदी” : अमित शाह

अहमदाबाद | भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज जूनागढ़ संसदीय क्षेत्र के कोडीनार में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देशभर में सिर्फ “मोदी-मोदी” नाम की गूंज सुनाई दे रही है| उन्होंने कहा कि देशभर के लोग नरेन्द्र मोदी को फिर एक बार प्रधानमंत्री बनाने को तैयार है, उसमें गुजरात क्यों पीछे रह जाए| युवाओं को “जिगर के टुकड़े” कहकर उद्बोधित करते हुए शाह ने कहा कि एशियाई शेरों का ठिकाना सासण गिर है, जो हमारा गौरव है| यहां शेर भी मिलते हैं और शेर जैसे लोग भी मिलते हैं| सही अर्थ में इस क्षेत्र में आज मुझे प्रचंड ऊर्जा की अनुभूति हो रही है| जब जब हम आकाश में ज्योतिर्लिंग की पताका लहराते देखते हैं तब तब एक खयाल आता है कि यदि सरदार वल्लभभाई पटेल नहीं होते तो सोमनाथ मंदिर आज पाकिस्तान में होता| सरदार पटेल के प्रयासों से जूनागढ़ भारत का अभिन्न अंग है| भारत की आजादी के बाद जूनागढ़, हैदराबाद और कश्मीर की समस्या पैदा हुई| जूनागढ़ और हैदराबाद की समस्या सुलझाने की जिम्मेदारी सरदार पटेल ने संभाली और उसका समाधान भी कर दिया| जबकि कश्मीर समस्या की जिम्मेदारी जवाहरलाल नेहरू की थी और उसमें वह पूरी तरह असफल रहे| 70 सालों के बाद भी कश्मीर समस्या आज भी सुलग रही है| शाह ने कहा कि कांग्रेस शासन में तटिय इलाकों की अवगणना की गई| ओबीसी जातियों को अपने संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा गया है| हमारी सरकार ने ओबीसी आयोग को संवैधानिक मान्यता देने का काम किया है| कांग्रेस 55 साल में ओबीसी को सम्मान देने में नाकाम रही| उन्होंने कहा कि देश की सीमाएं सुरक्षित रखना सरकारों की जिम्मेदारी होती है| पुलवामा आतंकी हमले में 40 जवानों की शहादत के बाद पीएम मोदी पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादियों के चीथड़े उड़वा दिए| एयर स्ट्राइक के बाद देशभर में उत्साह का माहौल था और वीर जवानों की शहादत का मुंहतोड़ जवाब देने पर देशभर से भारतीय सेना पर अभिनंदन की वर्षा हो रही थी| जबकि दूसरी ओर पाकिस्तान छाती पीट रहा था| ऐसे में कांग्रेस में जैसे कोई अपना चला गया हो इस प्रकार मातम पसरा पड़ा था| पाकिस्तान जैसा माहौल कांग्रेस में दिखाई दे रहा था| कांग्रेस नेता पाकिस्तान और आतंकवादियों की ढाल बनकर उनको बचाने का प्रयास कर रहे थे| राहुल गांधी भले ही आतंकियों के साथ ईलू ईलू कर रहे हों, लेकिन भाजपा की नीति स्पष्ट है, पाकिस्तान की ओर से एक गोली आएगी तो भारत की तरफ से तोप के गोले छोड़े जाएंगे| शाह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के सिव अन्य कोई देश को सुरक्षा नहीं दे सकता|

Leave a Reply