पाकिस्तान ने भारतीय उच्चायुक्त को गुरुद्वारे जाने से रोका, भारत ने जताया विरोध

नई दिल्ली। पाकिस्तान में भारतीय उच्चायुक्त से बदसलूकी करने का मामला सामने आया है। पाकिस्तान में तैनात भारत के उच्चायुक्त अजय बिसारिया को शुक्रवार को रावलपिंडी के पास पंजा साहिब गुरुद्वारे में जाने से रोका गया। जबकि पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय  की तरफ से उन्हें अंदर जाने की अनुमति थी लेकिन उसके बावजूद वहां मौजूद अधिकारियों ने बिसारिया को अंदर जाकर दर्शन नहीं करने दिए। बिसारिया को अपने जन्मदिन के मौके पर पंजा साहिब गुरुद्वारे जा रहे थे। 


बता दें कि बिसारिया को अप्रैल में भी गुरुद्वारा पंजा साहिब में दर्शन करने से रोका गया था। उस समय उन्हें इवेक्वी ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड की तरफ से निमंत्रण दिया गया था। पाकिस्तानी अथॉरिटी ने इसके पीछे सुरक्षा कारणों को जिम्मेदार बताया है।  पाकिस्तान की इस हरकत पर भारत ने कड़ा विरोध जताया है। भारत ने पाकिस्तान के उप उच्चायुक्त को समन कर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। 

विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर बताया कि इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग ने भी कड़ा विरोध दर्ज कराया है। इसने बताया कि उप उच्चायुक्त सैयद हैदर शाह को समन किया गया और भारतीय उच्चायुक्त अजय बिसारियात तथा महावाणिज्य दूतावास के अधिकारियों को पाकिस्तान के पंजाब प्रांत स्थित गुरुद्वारा पंजा साहिब जाने से रोकने और भारतीय श्रद्धालुओं से मिलने से रोकने पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय से अनुमति मिलने के बावजूद अधिकारियों को वहां जाने और श्रद्धालुओं से मिलने से रोका गया। 


Leave a Reply