अफगानिस्तान और पाक में हिमस्खलन से 114 लोगों की मौत

अफगानिस्तान में भारी बर्फबारी के चलते कई इलाकों में हिमस्खलन से शुक्रवार को 100 लोगों की मौत हो गई है। वहीं पाक के चितराल जिले में भारी हिमपात से पांच मकान दफन हो गए, इसमें 14 लोग मारे गए।

अफगानिस्तान के आपदा प्रबंधन एवं मानवीय मामलों के मंत्री के प्रवक्ता उमर मोहम्मदी ने बताया कि देश के 34 में से 22 प्रांतों में बर्फबारी के बाद हिमस्खलन हुआ है। इससे ढेर सारे घर तबाह हो गए और सड़कें बंद हो गई हैं। इसमें 50 लोग नूरिस्तान प्रांत के बरगामताल जिले में एक गांव में मारे गए हैं। जबकि उत्तरी और मध्य प्रांतों में करीब 50 लोगों की जान गई है। और 52 घायल हैं।

परवान प्रांत के प्रांतीय गवर्नर मोहम्मद असीम ने बताया कि प्रांत के दो जिलों में हिमस्खलनों से 16 लोगों की मौत हो गई जबकि आठ अन्य घायल हैं। बदख्शां में 18 लोगों के मरने की खबर है। वहीं पाकिस्तान में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के चितराल जिले में भारी हिमपात और बारिश के बाद रविवार को हिमस्खलन की घटना में पांच मकानों के दब जाने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई।

चितराल स्काउट कमांडेंट कर्नल निजुमुददीन शाह ने बताया कि बर्फ के मलबे में दबे 14 शवों को निकाल लिया गया है। इनमें छह महिलाएं, छह बच्चे और दो पुरुष शामिल हैं। चार फीट मोटी बर्फ से छह लोगों को जिंदा निकाला गया। चितराल में पिछले दो दिनों से भारी बर्फबारी के कारण अनेक परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।

Leave a Reply