कांग्रेस चाहे तब भी देशद्रोह का कानून समाप्त नहीं होने देंगे: राजनाथ सिंह

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा-संभावित हार को देख ईवीएम का शोर मचाने लगी कांग्रेस
भोपाल ।  कांग्रेस देशद्रोह कानून को खत्म करने की घोषणा की है। वे भारत को तोड़ने की बात कर रहे हैं, लेकिन इस मामले में हम चुप नहीं रहेंगे। देश की रक्षा और सुरक्षा के लिए यदि और भी कड़े कानून बनाने पड़ेंगे तो हम अवश्य बनाएंगे, पर देश के साथ ऐसा कोई समझौता नहीं करेंगे जिससे भारतमाता के मान सम्मान को कोई ठेस पहुंचे। यह बात केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथसिंह ने शहडोल, सतना और सीधी लोकसभा क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित सभाओं में कही। 
-नुकसान की रिपोर्ट भेजें, हरसंभव मदद करेंगे
शहडोल संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी हिमाद्री सिंह के पक्ष में अनूपपुर जिले के जमुना कॉलरी में सभा को संबोधित करते हुए राजनाथसिंह ने मध्यप्रदेश में आंधी तूफान के कारण हुई क्षति पर दुख जाहिर किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के लिए देश का हर प्रदेश समान रूप से महत्वूपर्ण है। मध्यप्रदेश सरकार किसानों और आम जनता का जो भी नुकसान हुआ है, उसकी रिपोर्ट केंद्र को भेजे, हम हरसंभव मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की जरूरतों को पूरा करने के लिए हमारी सरकार कोई भेदभाव नहीं करेगी। जनता का जो हक है उसको हम देने के लिए तैयार हैं, लेकिन कांग्रेसी जनता को गुमराह कर रहे हैं। 
-अभी से बहाना ढूंढने लगा विपक्ष
श्री सिंह ने कहा कि देश की जनता यह मन बना बैठी है कि मोदी जी को फिर से देश का प्रधानमंत्री बनाना है। कांग्रेस और उसके गठबंधन में शामिल अन्य राजनीतिक दल जनता के इस मूड को भाप चुके हैं। प्रथम चरण के मतदान में इस बात का अंदाज लगते ही विपक्षी दलों ने ईवीएम पर आरोप लगाना शुरू कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि चुनावों में हार-जीत एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। ऐसे में सभी को इसे सहज रूप से स्वीकार करना चाहिए। लेकिन विपक्षी दल ईवीएम को गड़बड़ बताकर जनादेश का अपमान कर रहे हैं। 
-मोदी ही ले जा सकते हैं देश को विकास पथ पर
श्री सिंह ने कहा कि हमने नरेंद्र मोदी जी की कार्यशैली को गुजरात के अंदर देखा था। तभी  हमने यह मन बना लिया था कि केवल नरेंद्र मोदी ही हैं,  जो इस देश को विकास के पथ पर आगे ले जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी  ने प्रधानमंत्री बनने के बाद करिश्माई काम किया है। 5 वर्षों के अंदर सारी दुनिया के अर्थशास्त्री यह मानने लगे हैं कि देश की अर्थव्यवस्था में सुधार हो रहा है। मोदी जी की सरकार ने ठोस रणनीति के तहत देश की अर्थव्यवस्था को सुधारने के साथ-साथ हर क्षेत्र में काम किया है। पहले भारत गरीबों के देश के रूप में जाना जाता था,  लेकिन अब दुनिया की धारणा बदली है। 
-दिखने लगा मोदी सरकार के काम का असर
श्री सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जो काम किए गए, उनका परिणाम अब जनता के सामने हैं। आने वाले समय में दुनिया के अंदर हम भारत को तीसरे स्थान पर खड़ा करने में सफल होंगे ऐसी कोशिशें जारी हैं। गृहमंत्री राजनाथसिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कई सालों में जहां 25 हजार इंदिरा आवास बनाए गए, वहीं मोदी सरकार ने 5 वर्षों के अंदर 1 करोड़ 30 लाख प्रधानमंत्री आवास बनाकर दिये हैं। स्वच्छता अभियान में देश ने 92 प्रतिशत पर आकर एक मिसाल पेश की है। 2022 तक कोई भी गरीब बिना पक्का मकान के नहीं रहेगा,  यह हमारी प्राथमिकता है। उज्जवला योजना के तहत गरीबों को निशुल्क गैस सिलेंडर और चूल्हा का वितरण किया गया। पूरे देश में गांव से लेकर नेशनल हाईवे सड़कों का काम हमारी सरकार ने बहुत ही तेज गति के साथ किया है। 
-लगातार झूठ बोलती रही कांग्रेस
श्री सिंह ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर कांग्रेस के जितने भी प्रधानमंत्री बने सभी ने एक ही नारा दिया- गरीबी हटाओ, लेकिन गरीबी नहीं हटा सके। अब कांग्रेस हर व्यक्ति को 72  हजार रुपए देने का झूठा प्रचार कर रही है। उन्होंने कहा कि झूठ बोलकर राजनीति नहीं की जा सकती। कहें कुछ और करें कुछ, ऐसा अब चलने वाला नहीं है। श्री सिंह ने कहा कि वे जो भी वादा करते हैं, उसको कभी पूरा नहीं करते। मध्यप्रदेश में किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ। बल्कि इस सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करके गरीबों का कफन तक छीन लिया है। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता अपने वोट के माध्यम से ऐसे झूठे कांग्रेसी नेताओं को जवाब दें। 
-सैनिकों के शौर्य पर उठाते हैं सवाल
श्री सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश की सेना जब आतंकवादी हमले का मुंहतोड़ जवाब देती है, तो कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल उस पर सवाल उठाते हैं। पूछते हैं कितने को मारा। हम उन्हें बता देना चाहते हैं कि बहादुर योद्धा कभी लाशें नहीं गिनता है। लाशों की गिनती का काम तो है गिद्ध करता है। उन्होंने कहा कि हमले के बाद लाशों का गिनना इतना आसान काम नहीं होता है। हमारे पास पुख्ता खुफिया सूचना थी, जिसके आधार पर हमने आतंकवादी ठिकानों पर हमला किया और इतने आतंकवादी मारे गए हैं, जितने इससे पहले कभी भी दुनिया में एकसाथ नहीं मारे गए होंगे। उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि दोस्त बदल जाते हैं, पर पड़ोसी नहीं बदलता। इसलिए हमने पाकिस्तान के साथ मित्रता का संबंध बनाने का प्रयास किया, लेकिन वह इसके लायक नहीं रहा। 
हम देश बनाने की राजनीति करते हैं
श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस आतंकवाद के खिलाफ भारत को कमजोर करने का काम कर रही है। पूरा विश्व हमारा परिवार है, इस भावना को लेकर हमारी सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हम केवल सरकार बनाने की राजनीति नहीं करते हैं, हम देश बनाने की राजनीति करते हैं। दुनिया में पहले सेटेलाइट के मामले में रूस, चीन, अमेरिका का दबदबा था,  लेकिन भारत ने एंटी सैटेलाइट मिसाइल लांच करके दुनिया में चैथे देश के रूप में अपना नाम दर्ज करा लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैज्ञानिकों को खुली छूट दी,  जिसके बाद निर्भीक होकर वैज्ञानिकों ने यह इतिहास रचा। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि वह भाजपा प्रत्याशी हिमाद्रि सिंह को अपना वोट दे, ताकि मोदी जी एक बार देश के प्रधानमंत्री बनकर जनता की सेवा कर सकें। 

Leave a Reply