कोरोना की रफ्तार में मामूली कमी, 24 घंटे के अंदर आए 1.6 लाख केस, ऐक्टिव केस 12 लाख पार

नई दिल्ली | देश में कोरोना वायरस महामारी का प्रकोप काफी तेजी से बढ़ता जा रहा है। हालांकि, बीते 24 घंटे के अंदर नए मामलों में थोड़ी कमी देखी गई है लेकिन फिर भी ताजा आंकड़े 1 लाख 60 हजार के पार हैं। अब देश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा  1 करोड़ 36 लाख के पार पहुंच गया है। विभिन्न राज्यों की ओर से सोमवार देर रात तक मिले आंकड़ों के मुताबिक इस दौरान देश में 1,60,694 नए मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या एक करोड़ 36 लाख 86 हजार 73 हो गई है। 

इस दौरान 96 हजार 727 मरीज स्वस्थ हुए हैं जिसे मिलाकर अब तक 1 करोड़ 22 लाख 50 हजार 440 मरीज कोरोनामुक्त भी हो चुके हैं। इसी अवधि में सक्रिय मामले 57,897 और बढ़कर 12 लाख 58 हजार 906 हो गए हैं। इसी अवधि में 880 और मरीजों की मौत के साथ इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1 लाख 71 हजार 89 हो गई है।

देश में रिकवरी दर आंशिक घटकर 89.51 फीसदी और सक्रिय मामलों की दर बढ़कर 9.19 प्रतिशत हो गया है जबकि मृत्युदर घटकर 1.25 फीसदी रह गयी है।

महाराष्ट्र कोरोना के सक्रिय मामलों में शीर्ष पर है लेकिन राहत की बात यह है कि नये मामलों की तुलना में स्वस्थ मरीजों की संख्या अधिक होने से सक्रिय मामलों में गिरावट दर्ज की गई है। इस दौरान सक्रिय मामलों में 841 की और कमी होने से इनकी संख्या आज घट कर 5,64,746 तक पहुंच गई लेकिन यह संख्या भी पूरे देश में सर्वाधिक है। 

राज्य में इस दौरान संक्रमण के सबसे ज्यादा (पूरे देश में) 51 हजार 751 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 34,58,996 पहुंच गई है। इसी अवधि में 52,312 मरीजों के स्वस्थ होने से इस संक्रमण से निजात पाने वालों की संख्या बढ़कर 28,34,473 हो गई है तथा सबसे अधिक 258 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 58,245 तक पहुंच गया है।
 

Leave a Reply