खुली जेल में खूनी खेल, एक कैदी ने दूसरे का किया कत्ल, आरोपी हुआ फरार

श्रीगंगानगर। जिले के घमुड़वाली थाना इलाके के नरसिंहपुरा खुला बंदी शिविर में सोमवार देर रात दो कैदियों में खूनी संघर्ष हो गया। इसमें एक कैदी ने दूसरे कैदी की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी कैदी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
   जानकारी के अनुसार दो कैदियों के किसी बात को लेकर आपस में विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद में एक कैदी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे देर रात इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन वहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। श्रीगंगानगर केन्द्रीय कारागृह के अधीक्षक मोईद्दीन पठान ने बताया कि विवाद के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। दोनों ही बंदी सिख समुदाय के हैं। उनके पास मौजूद कृपाण से उन्होंने एक दूसरे पर वार कर दिए। इसमें कैदी नत्था सिंह की मौत हो गई। कैदी नत्था सिंह सूरतगढ़ का रहने वाला था। बंदी गौरा सिंह खुली जेल से फरार हो गया है। पुलिस हत्या कर फरार हुए कैदी तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। मृतक कैदी के परिजन आ गए हैं। घमुड़वाली थाना पुलिस नत्था सिंह के शव का पोस्टमार्टम करवा रही है। मामले की जांच की जा रही है। 

Leave a Reply