चीन के करॉना वायरस से दुनियाभर में हड़कंप

पेइचिंग,चीन में फैले करॉना वायरस के संक्रमण से दुनियाभर में हड़कंप है। चीन से आने वाले यात्रियों के आगमन पर देश जहां एहतियाती कदम उठाते हुए एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग कर रहे हैं और वे अपने लोगों को चीन से बाहर निकालने की कोशिश में लगे हुए हैं। इस बीच, अकेले चीन में 4 हजार से अधिक लोग वायरस के संक्रमण का शिकार हैं। अन्य देशों की बात करें तो थाइलैंड में सात मामले, जापान में तीन, दक्षिण कोरिया में तीन, अमेरिका में तीन, वियतनाम में दो, सिंगापुर में चार, मलेशिया में तीन, नेपाल में एक, फ्रांस में तीन, ऑस्ट्रेलिया में चार और श्रीलंका में कोरोनावायरस का एक मामला सामने आया है। भारत में संक्रमण की आशंका को देखते हुए कुछ मरीजों का अहतियातन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चीन के सभी राज्य प्रभावित

चीन के सभी राज्यों में वायरस के मरीज सामने आए हैं। इस वायरस का केंद्र हुबेई प्रांत है। वहां स्वास्थ्य आयोग ने मंगलावर को कहा कि सोमवार तक कुल 4,515 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। 2,567 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, इनमें से 563 की हालत गंभीर है और 127 की हालत नाजुक बनी हुई है। हालांकि, स्वायत्त इलाका तिब्बत में इसका असर नहीं है।

अपने लोगों को चीन से निकालेगा भारत
भारत ने चीन से अपने यात्रियों को निकालने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि पेइचिंग स्थित भारतीय दूतावास इस मुद्दे पर चीन की सरकार, अधिकारियों और नागरिकों के संपर्क में है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, 'हमने चीन के हुबेई प्रांत में कोरोना वायरस के प्रकोप से पैदा हुए हालात से प्रभावित भारतीय नागरिकों को वहां से निकालने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।'

उधर, डीजीसीए ने एयर इंडिया को वुहान के उड़ान की अनुमति दे दी है। भारत ने हॉटलाइन नंबर भी जारी किया है। बता दें कि देश के अलग-अलग हिस्से में संक्रमण की आशंका के कारण चीन से आए कुछ यात्रियों को अस्पताल में निगरानी में रखा है। दिल्ली में तीन, मुंबई व पुणे में छह और तमिलनाडु में आठ लोगों को निगरानी में रखा गया है। नेपाल सीमा से आ रहे यात्रियों की सशस्त्र बल के कर्मी स्क्रीनिंग कर रहे हैं।

"चीन से भारत लाए जाने के बाद सभी लोगों को 14 दिन के लिए अलग रखा जाएगा। ऐसा इसलिए किया जाएगा ताकि यदि चीन से आए इन भारतीयों में से किसी के भी शरीर में करॉना का वायरस हुआ तो 14 दिनों में उसकी जानकारी व रोकथाम हो जाएगी। चीन में रह रहे इन भारतीयों में से कोई भी व्यक्ति अभी करॉना वायरस से ग्रसित नहीं है।"-हर्षवर्धन, स्वास्थ्य मंत्री

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन के अनुसार भारत सरकार ने अपने नागरिकों के मुद्दे पर चीन की सरकार से संपर्क किया है। स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक करॉना वायरस अब तक चीन के 30 राज्यों में फैल चुका है। डॉ. हर्षवर्धन ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘चीन के वुहान राज्य में करीब 500 भारतीय हैं। चीन की सरकार ने सभी भारतीयों को सुरक्षित एवं एकांत स्थान पर रखा है। हमारा विदेश मंत्रालय भारतीय नागरिकों के विषय पर चीन की सरकार के साथ संपर्क में है और जल्द ही भारत लौटने के इच्छुक सभी नागरिकों को स्वदेश लाया जाएगा।’

अमेरिका ने जारी की अडवाइजरी
चीन में फैले कोरोना वायरस के घातक प्रभाव को देखते हुए अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने अपने नागरिकों को चीन की यात्रा करने की किसी भी योजना पर फिर से विचार करने को कहा है। विदेश मंत्रालय ने अपने नागरिकों को हुबेई प्रांत की यात्रा न करने की सख्त चेतावनी दी है। मंत्रालय ने कहा कि पिछले हफ्ते उसने सभी गैर-आपातकालीन अमेरिकी कर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों को वुहान से निकलने का आदेश दिया था।
 

Leave a Reply