जॉर्ज फर्नांडिस का अंतिम संस्कार आज दिल्ली में, दाह संस्कार के बाद दफनाई जाएंगी अस्थियां

पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस (George Fernandes) का आज दिल्ली के लोधी रोड स्थित शवदाह गृह में अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनकी इच्छा के मुताबिक दाह संस्कार के बाद उनकी अस्थियों को दफनाया जाएगा। जॉर्ज फर्नांडिस का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार सुबह निधन हो गया था। फर्नांडिस अल्जाइमर बीमारी से पीड़ित थे और हाल में उन्हें स्वाइन फ्लू हो गया था।

दाह संस्कार के बाद जॉर्ज फर्नांडिस की अस्थियों को दफनाया जाएगा। उनकी करीबी सहयोगी जया जेटली ने बताया कि फर्नांडिस शुरू में चाहते थे कि मृत्यु के बाद उनके पार्थिव शरीर का दाह संस्कार किया जाए। लेकिन बाद में उन्होंने दफन किए जाने की भी इच्छा जताई थी। जेटली ने कहा कि अंतिम संस्कार लोधी रोड स्थित शवदाह गृह में होगा। हम उनकी इच्छानुसार दोनों चीजें करेंगे। पार्थिव शरीर का दाह संस्कार किया जाएगा और उसके बाद अस्थियों को दफना कर उनकी दोनों इच्छाओं को पूरा किया जाएगा।
बता दें कि मंगलवार सुबह दिल्ली के मैक्स अस्पताल में जॉर्ज फर्नांडिस ने 88 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। वे कुछ दिनों से स्वाइन फ्लू से पीड़ित थे और लंबे समय से बीमार भी चल रहे थे। जॉर्ज फर्नांडिस पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में फर्नांडिस रक्षा मंत्री थे। वे राज्यसभा और लोकसभा के सदस्य भी रह चुके थे। उन्होंने समता पार्टी की स्थापना की थी। रक्षा मंत्री के अलावा वे संचार मंत्री, उद्योगमंत्री, रेलमंत्री आदि जैसे अहम मंत्रालयों का भी कार्यभार संभाल चुके थे।
जार्ज फर्नाडिस को श्रद्धांजलि देते रो पड़े नीतीश कुमार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस को सार्जवनिक तौर पर श्रद्धांजलि देते हुए मंगलवार को रो पड़े। जॉर्ज फर्नांडिस का निधन राजधानी दिल्ली स्थित एम्स में मंगलवार की सुबह हुआ। बिहार सरकार ने उनके सम्मान में दो दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है। जॉर्ज फर्नांडिस के साथ अपने पुराने संबंध को याद करते हुए नीतिश कुमार ने कहा- “उनकी लीडरशिप और मार्गदर्शन में एक नई पार्टी का गठन किया गया था। मैनें जो कुछ भी सीखा और लोगों की सेवा के लिए जो किया उसमें उनका मार्गदर्शन काफी महत्वपूर्ण रहा। यह निश्चित है कि सभी को जाना है। लेकिन, हम सभी के लिए यह बेहद दुखद घड़ी है। उनके मार्गदर्शन और जनता के अधिकारों के लिए लड़ाई के उनके मार्गदर्शन को मैं कभी नहीं भुला सकूंगा।”
 

Leave a Reply