दिल्ली में कम होगी ठंड, लखनऊ में पारा 0.1 डिग्री पर पहुंचा

देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह आंशिक कोहरा छाया रहा। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी में अगले दो दिनों में सर्दी में कमी आने के आसार हैं। वहीं लखनऊ में शनिवार को न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोहरे का असर दिल्ली आने वाली ट्रेनों पर भी नजर आया। कोहरे के चलते आठ ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। 

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार आज हल्का कोहरा रहेगा। दिन का आधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। वहीं वीकेंड पर अगले दो दिनों में सर्दी में कमी आने के आसार हैं। 

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले दो दिनों में ठंड में काफी कमी आएगी। 16 जनवरी को दिल्ली व आसपास के इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। हवा में आद्र्रता 100 फीसदी रही।

इलाके                     तापमान 
लोधी रोड                3.0
पालम                    5.3
अक्षरधाम               3.8
डीयू                       7.2
आयानगर               5.5
रिज                       6.0
मुंगेशपुर                 3.8
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)

कोहरे के चलते शनिवार को 25 ट्रेनें लेट हुई, छह के समय में बदलाव किया गया और आठ ट्रेनों को कैंसिल किया गया। 

जानें यूपी का तापमान

यूपी में पारा 1 डिग्री तक गिरा

लखनऊ समेत पूरा यूपी हाड़ कंपा देने वाली सर्दी की चपेट में हैं। प्रदेश के कई मंडलों में तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है। लखनऊ में शुक्रवार को पारा 0.1 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया और शनिवार सुबह भी लखनऊ में पारा 0.1 डिग्री सेल्सियस की दर्ज किया गया। बर्फीली हवाओं के आगे तेज धूप भी बेअसर ही साबित हो रहा है। दिन भर लोग ठिठुरने को मजबूर रहे। मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी से ठंड का असर बढ़ा है। लखनऊ में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सामान्य से सात डिग्री कम रहा। अधिकतम तापमान 18.3 डिग्री दर्ज किया गया। जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा।

धीरे-धीरे राहत: मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता का कहना है कि शनिवार को न्यूनतम तापमान दो से तीन के करीब रहने की उम्मीद है। साथ ही एक दो दिन के भीतर बर्फीली हवाओं से भी कुछ राहत मिल सकती है। कोहरे का भी कहर:कई स्थानों पर घने कोहरे और सर्द हवा की वजह से लोगों को भारी मुश्किल हो रही है। भीषण ठंड में सबसे अधिक परेशानी सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को हो रही है। प्रदेश के अधिसंख्य स्थानों पर घने कोहरे की वजह से राजमार्गो पर रात में वाहन रेंग-रेंगकर चल रहे हैं।

 

रविवार से उत्तराखंड में फिर शुरू हो सकती है बर्फबारी

उत्तराखंड में बारिश और हिमपात का अगला दौर रविवार से शुरू होने का अनुमान है। मौसम का यह मिजाज सोमवार तक बना रहेगा। इससे पारा और गोता लगा सकता है। उधर, शुक्रवार को दून का न्यूनतम पारा 3.9 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि मुक्तेश्वर का पारा -2.5 और नई टिहरी में -1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने इस दौरान पूरे प्रदेश में भारी पाला पड़ने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन प्रदेश के ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश होने का अनुमान है। हालांकि हालिया दिनों में हुई बर्फबारी के कारण चकराता, मसूरी, धनोल्टी, मुक्तेश्वर, नई टिहरी, पौड़ी, गोपेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल आदि क्षेत्रों में तापमान रात को माइनस में पहुंच जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि रविवार और सोमवार को बारिश की संभावना है।

रांची में पारा गिरा, रिकॉर्ड 2.2 तक पहुंचा

कांके और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 2.2 रिकार्ड किया गया। वहीं राजधानी में न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेसि रहा। न्यूनतम तापमान में गिरावट से कनकनी और बढ़ गयी। वातावरण में नमी के कारण खिली धूप के बाद भी दिनभर लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। बीएयू के मौसम वैज्ञानिक डॉ रमेश के अनुसार शीतलहर दो-तीन दिन तक और सताएगी।

रांची के तापमान में पिछले 24 घंटों में करीब दो डिग्री सेसि की गिरावट आयी है। हवा में भी बढ़ी तेजी से कनकनी में इजाफा हुआ है। शुक्रवार को तेज पछुआ हवा चलने से शाम के बाद ठंडक में तीखापन बढ़ गया। बढ़ती ठंड के कारण शहर की गतिविधियां शिथिल हुईं। लोगों ने बाहर निकलने के बजाय घर में ही रहना उचित समझा। कम निकल रहे हैं। जैसे-जैसे शाम में ठंड बढ़ी वैसे-वैसे शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरता चला गया।

 

मुजफ्फरपुर में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री पर पहुंच

पटना समेत पूरे राज्य में कड़ाके की ठंड कहर बरपा रही है। धूप के कारण कनकनी से राहत रही, लेकिन सूरज डूबते ही पछुआ हवा सुई की तरह चुभने लगी। शुक्रवार को मुजफ्फरपुर व समस्तीपुर का न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री पर पहुंच गया। वहां रात के तापमान ने 55 वर्षो के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। 1961-62 में तापमान इतना नीचे गया था। पटना में भी शुक्रवार इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। यहां का न्यूनतम तापमान -4 डिग्री गिरकर 5 पर पहुंच गया। डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विवि के मौसम विभाग के अनुसार मुजफ्फरपुर व समस्तीपुर का न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री कम है। तापमान में गिरावट के कारण जगह-जगह जमीन की सतह पर ओस की बूंदें बर्फ की तरह दिखने लगीं।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए सत्तार ने बताया कि ड्यू प्वाइंट तापमान के कारण पाला जैसी स्थिति है। उधर, गया का न्यूनतम तापमान 24 घंटे के अंदर 2.5 डिग्री नीचे लुढ़ककर 4.2 पर पहुंच गया। जबकि पूर्णिया का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस नीचे गिरकर 4.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

जानें अपने शहर का तापमान

दिल्ली: न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस और अधिकत्तम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस

देहरादून:  न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस और  अधिकत्तम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस

रांची: न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकत्तम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस

लखनऊ:  न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सिय और अधिकत्तम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस

पटना: न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सिय और अधिकत्तम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस

Leave a Reply