दुनिया में पिछले 24 घंटे में 7.72 लाख नए केस

न्यूयॉर्क  । दुनियाभर में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 7.72 लाख नए मामले सामने आए। इस दौरान 13,077 लोगों की मौत भी हुई। भारत में अब भी रोजाना दुनिया में सबसे ज्यादा संक्रमित मिल रहे हैं। बीते दिन यहां 1.44 लाख लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। वहीं, ब्राजील में 89,090, अमेरिका में 83,458, तुर्की में 55,791 और फ्रांस में 41,243 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उधर, कोरोना के नए मामलों के साथ मौतों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। बीते दिन 24 घंटो में दुनिया में हुई मौतों में सबसे ज्यादा मौतें ब्राजील में हुईं। यहां शुक्रवार को 3647 लोगों की जानें गईं। ब्राजील के बाद सबसे ज्यादा मौतें अमेरिका (904), भारत (773), पोलैंड (768), इटली (718) और मैक्सिको (548) में रिकॉर्ड की गईं।
बांग्लादेश में टोटल लॉकडाउन की तैयारी
बांग्लादेश में 4 अप्रैल से जारी एक हफ्ते के लॉकडाउन के बीच सार्वजनिक प्रशासन राज्य मंत्री फरहाद हुसैन ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल से बांग्लादेश में आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सार्वजनिक और निजी कार्यालयों, वाहनों और परिधान कारखानों सहित सब कुछ बंद कर दिया जाएगा। इस दौरान लोगों को घर से बाहर नहीं निकलने दिया जाएगा। इस संबंध में एक अधिसूचना जारी की जाएगी।
14 अप्रैल से लागू करने की तैयारी
इससे पहले बांग्लादेश के सड़क परिवहन और पुलों के मंत्री ओबैदुल क्वाडर ने एक ब्रीफिंग में कहा कि कोरोना महामारी ने बांग्लादेश में एक भयानक मोड़ ले लिया है। संक्रमण और मृत्यु दर लगातार बढ़ रही है और रोज रिकॉर्ड मामले सामने आ रहे हैं। इसके बावजूद लोगों की उदासीनता कम नहीं हुई है। ऐसे हालात में बांग्लादेश सरकार 14 अप्रैल से एक सप्ताह के लिए व्यापक लॉकडाउन के बारे में सक्रिय रूप से सोच रही है।
फ्रांस में पांच महीने बाद 5 हजार से ज्यादा लोग आईसीयू में
फ्रांस में कोरोना के हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। यहां आईसीयू में भर्ती कोरोना मरीजों का आंकड़ा 5 महीनों के टॉप पर पहुंच गया है। शुक्रवार को यह आंकड़ा 5,757 तक पहुंच गया। पांच महीने पहले यह आंकड़ा 5 रह गया था। बीते दिन फ्रांस में हॉस्पिटल में भर्ती 301 कोरोना मरीजों की मौत हुई। इससे पहले गुरुवार को 343 लोगों की जान गई थी। आयरलैंड में अब अमेरिका, कनाडा, बेल्जियम, फ्रांस और इटली से आने वाले यात्रियों के लिए होटल क्वारैंटाइन अनिवार्य कर दिया गया है। कोरोना के बढ़ते मामलों पर नियंत्रण पाने के लिए यह फैसला किया गया है।
पाकिस्तान समेत कई देशों के यात्रियों पर पाबंदी
आयरलैंड आने वाले यात्रियों को यात्रा से पहले कराई गए कोरोना टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट के साथ ही एंट्री की इजाजत दी गई है। वहीं, यहां पहुचने के बाद 5 दिन बाद फिर से कोविड-19 टेस्ट कराना होगा। हेल्थ मिनिस्ट्री ने जिन देशों के यात्रियों पर यह शर्तें लगाई हैं, उनमें अर्मेनिया, बांग्लादेश, बरमूडा, बोस्निया-हेर्जेगोविना, कुराकाओ, केन्या, लक्जमबर्ग, मालदीव, पाकिस्तान, तुर्की और यूक्रेन शामिल हैं।
 

Leave a Reply