दुनिया में बीते दिन 6.31 लाख केस आए

वॉशिंगटन ।  दुनियाभर कोरोना का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटे में दुनिया में 6.31 लाख नए केस सामने आए। इस दौरान 7,991 लोगों की मौत भी हुई। मौजूदा वक्त में भारत में कोरोना की लहर सबसे तेज है। यहां रोजाना 1.5 लाख से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। भारत एक बार फिर ब्राजील को पीछे छोड़कर दुनिया का दूसरा सबसे संक्रमित देश बन गया है। भारत में 1.35 करोड़ लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, ब्राजील में यह आंकड़ा 1.34 करोड़ है। अमेरिका 3.19 करोड़ संक्रमितों के साथ टॉप पर है। उधर, तुर्की में भी कोरोना अपना कहर बरपा रहा है। यहां पिछले 5 दिनों से 50 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले हैं। रविवार को यहां 50,678 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई और 237 लोगों की मौत हुई। यहां अब तक 38.49 लाख लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं और 33,939 लोगों की मौत भी हुई है। भारत में अब भी रोजाना दुनिया में सबसे ज्यादा संक्रमित मिल रहे हैं। बीते दिन यहां 1.69 लाख लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। वहीं, तुर्की में 50,678, अमेरिका में 47,864, ब्राजील में 37,537 और फ्रांस में 34,895 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बीते दिन 24 घंटों में दुनिया में हुई मौतों में सबसे ज्यादा मौतें ब्राजील में हुईं। यहां रविवार को 1,824 लोगों की जानें गईं। ब्राजील के बाद सबसे ज्यादा मौतें भारत (904), रूस (337) और इटली (331) में रिकॉर्ड की गईं।
ईरान ने भी लॉकडाउन का ऐलान किया
बांग्लादेश के बाद ईरान ने भी लॉकडाउन का ऐलान कर दिया है। कोरोना की चौथी लहर की चपेट में आए तेहरान में 10 अप्रैल से 10 दिन का लॉकडाउन लगा दिया गया। स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता अलीरेजा रेसी ने कहा कि देश के 31 प्रांतों में से 23 में लॉकडाउन लगाया गया है। लॉकडाउन के दौरान ईरान में सभी स्कूल-कॉलेज, बिजनेस, कंपनियां और दफ्तर बंद रहेंगे। थिएटर्स, खेल परिसरों को भी बंद रखने का फैसला किया गया है। बुधवार से शुरू हो रहे रमजान को देखते हुए भीड़ के जुटने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
अब तक 13.66 करोड़ केस
दुनिया में अब तक 13.66 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 29.49 लाख मरीजों की मौत हो चुकी है, जबकि 10.98 करोड़ लोग ठीक हो गए। 2.38 करोड़ मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। इनमें 2.37 करोड़ मरीजों में संक्रमण का हल्का लक्षण है, जबकि 1.03 लाख मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है।
 

Leave a Reply