पाकिस्तान ने 219 भारतीय मछुआरों को रिहा किया

पाकिस्तान ने कथित रूप से उसके जलक्षेत्र में घुसने के आरोप में गिरफ्तार 219 भारतीय मछुआरों को गुरुवार को रिहा कर दिया। बता दें कि दस दिन पहले पाकिस्तान ने सदभावनापूर्ण कदम के तहत 220 भारतीय मछुआरों को रिहा किया था।

कराची जेल अधीक्षक हसन सेहतो ने कहा कि गृह मंत्रालय से मिले निर्देशों पर मालिर जेल से 219 मछुआरों को रिहा किया गया है। उन्होंने कहा, गुरुवार रिहा किए गए भारतीय मछुआरों को वाघा सीमा पर भारतीय अधिकारियों के सुपुर्द किया जाएगा। सेहतो के मुताबिक कराची की लांधी जेल में अब भी करीब 110 भारतीय मछुआरे कैद हैं।

गौरतलब है कि पाकिस्तान सरकार ने 25 दिसंबर को एक साल से अधिक समय से जेल में बंद 220 भारतीय मछुआरों को रिहा किया था। पिछले साल मार्च में पाकिस्तान सरकार ने 87 भारतीय मछुआरों को छोड़ा था, जो करीब ढाई साल से कराची की जेल में बंद थे।

Leave a Reply