भीड़ नहीं जुटने पर मुख्यमंत्री रूपाणी की सभा रद्द

जूनागढ़ | लोकसभा चुनाव की वोटिंग से पहले आखिरी सप्ताह में भाजपा और कांग्रेस नेता रोड शो और ताबडतोब रैलियां कर रहे हैं| इसी कड़ी में सोमवार को मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की जूनागढ़ के विसावदर में जनसभा का आयोजन किया गया था| भीषण गर्मी के बीच लोगों की भीड़ जुटाने पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए एक बड़ी चुनौती है| विसावदर में आयोजित मुख्यमंत्री की जनसभा टांय टांय फिस्स हो गई| सभास्थल पर 95 फीसदी से ज्यादा कुर्सियां खाली देख मजबूर होकर अंतिम क्षण में मुख्यमंत्री की सभा रद्द करनी पड़ी| हांलाकि सभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री हेलिकॉप्टर के जरिए विसावदर तो पहुंच गए थे, लेकिन सभास्थल पर भीड़ जुटने की खबर मिलते ही वह बैरंग लौट गए| दूसरी ओर सभास्थल पर ऐलान किया गया कि जूनागढ़ के कोडीनार में अमित शाह की रैली में शामिल होने की वजह से मुख्यमंत्री विजय रूपाणी विसावदर नहीं आ सकते| मुख्यमंत्री के नहीं आने की खबर से विसावदर के कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं में निराशा छा गई| सूत्रों के मुताबिक अमित शाह का कोडीनार में पहले से कार्यक्रम तय था और विजय रूपाणी भी उसमें शामिल होने वाले थे तो विसावदर में उनकी सभा का आयोजन क्यों किया गया| साफ है कि सभा में भीड़ नहीं जुटने की वजह से मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को अपनी रैली रद्द करनी पड़ी है|

Leave a Reply