मधुबनी से राजगीर जा रही बस मोकामा में दुर्घटनाग्रस्त, 35 घायल, तीन की हालत गंभीर

हरलाखी(मधुबनी)। प्रखंड क्षेत्र के हरिणे गांव से राजगीर जा रही एक यात्री बस पटना जिला के घोसवरी थाना अंतर्गत मोकामा सरमेरा रोड पर पलट गई। बस में 50 लोग सवार थे। दुर्घटना गुरुवार की सुबह आठ बजे की बताई जा रही है। ट्रक से साइड लेने पर दुर्घटना की बात सामने आ रही है। बस में सवार अधिकांश लोग हरिणे गांव के बताये जा रहे हैं।


इस दुर्घटना में 35 लोग जख्मी हो गए। इनमें तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। जिन लोगों को पटना रेफर किया गया है उनमें दुर्गोली गांव के रत्नेश्वर झा और उनकी पत्नी हरिणे गांव के हरि साह की पत्नी शामिल हैं।


हादसे में हरिणे गांव की राधिका देवी, दिनेश झा, मीरा देवी, महेंद्र सहनी की पत्नी, रानी देवी, पुतुल देवी, रीता देवी हरलाखी गांव के गिरवल साफी की पत्नी सहित 35 लोग जख्मी हो गए। बस में अधिकांश महिलाएं सवार थी।


मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम बस से हरिणे गांव से मलमास मेले को लेकर राजगीर को ये चली थी।


गुरुवार की सुबह करीब आठ बजे पटना जिला के घोसवरी थाना अंतर्गत मोकामा सरमेरा रोड पर बस पलट गई। बस पलटने से 35 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए नालंदा जिला के सरमेरा अस्पताल और मोकामा रेफरल अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायलों को बाढ़ अनुमंडल अस्पताल रेफर किया गया है।


बस के पलटने की जानकारी मिलने के बाद घोसवरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। बुधवार की शाम बस राजगीर के लिए चली थी। राजगीर पहुंचने से पहले बस मोकामा सरमेरा रोड के सदहा मोड़ के पास पलट गई और लोग हादसे का शिकार हो गए।


हालांकि घोसवरी थानाध्यक्ष विभूति भूषण कुमार ने किसी मौत से इंकार किया और कहा कि सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया। घटना के बाद गांव में अफरा तफरी का माहौल है।


Leave a Reply