मुंबई में भारी बारिश से निचले इलाकों में जल भराव, भूस्खलन में कई लोग घायल

मुंबई । लंबे समय के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय होने के बाद मुंबई में भारी बारिश हुई। भारी वर्षा की वजह से एक स्थान पर भूस्खलन होने से कुछ लोग घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि रात भर हुई भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानीभर गया है। जिसकी वजह से आवागमन प्रभावित हुआ है। मुंबई में सोमवार रात से, महानगर, नवी मुंबई, ठाणे और आसपास के अन्य क्षेत्रों में 20 मिमी से 70 मिमी तक बारिश हुई। मंगलवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में आईएमडी की सांताक्रूज वेधशाला में 49 मिमी, जबकि कोलाबा वेधशाला में 29.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण मुंबई के असल्फा इलाके में भूस्खलन हुआ, जिससे कुछ लोग घायल हो गए। बारिश के कारण अंधेरी, परेल, भांडुप और कुछ अन्य इलाकों में जलजमाव के कारण यातायात प्रभावित हुआ।

Leave a Reply