मॉल में बने स्पा में चल रहा था देह व्यापार का अड्डा, बार-बार बदली जाती थीं लड़कियां

हरियाणा के कैथल जिले में सैक्स रैकेट चलाने के बाद पटियाला के ओमेक्स मॉल में भी सैक्स रैकेट का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पानीपत निवासी आरोपितों ने पहले कैथल में अपना धंधा शुरू किया था। यहां पर इन्हें स्पा सेंटर की आड़ में जिस्मफरोशी का धंधा सुरक्षित तरीके से चलाने का आइडिया मिला तो इन लोगों ने पटियाला जिले को सॉफ्ट टारगेट मानते हुए ओमेक्स मॉल में दुकान खरीद ली।

कैथल में धंधा बंद करने के बाद करीब डेढ़ साल पहले इन लोगों ने ओमेक्स मॉल में दुकान का एग्रीमेंट किया था, जिसके बाद द न्यू इरा स्पा सेंटर के नाम पर धंधा खोल लिया। खुद को सुरक्षित रखने के लिए इन लोगों ने हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम बंगाल सहित पंजाब के अन्य जिलों की लड़कियों को बुलाया। लड़कियां बार-बार बदल दी जाती थीं, ताकि इनके धंधे का भेद न खुले।

कुछ दिन पहले पुलिस का एक मुखबिर इस स्पा सेंटर का ग्राहक बनकर पहुंचा, जिसने बारीकी से नजर रखने के बाद पुलिस को सूचना दे दी। इस गुप्त सूचना पर रविवार को कोतवाली व लाहौरी गेट थाना पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर छापा मारा और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
थाना कोतवाली इंचार्ज सुखदेव सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने रविवार दोपहर छापा मारकर न्यू ईरा स्पा सेंटर से पांच लड़कियों व एक मैनेजर को रंगे हाथ काबू किया। गिरफ्तार लड़कियां पंजाब, दिल्ली, हरियाणा व पश्चिम बंगाल की थीं। मामले में स्पा के मैनेजर अमित कुमार, मालिक जोगिंदर सिंह निवासी पानीपत के अलावा पांचों लड़कियों पर केस दर्ज कर लिया है।

फिलहाल पुलिस ने अमित कुमार की गिरफ्तारी की है, जिसे सोमवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। अमित स्पा सेंटर में करीब छह महीने से काम कर रहा था। अभी तक पुलिस को आरोपित ने इतनी ही जानकारी दी है, जबकि स्पा में सैक्स रैकेट करीब डेढ़ साल से ही चल रहा था।

Leave a Reply