म.प्र. की देवांशी, अविनाश और अक्षयराज ने लगाई पदकों की झड़ी 

इन्दौर । देवांशी शुक्ला, अविनाश यादव और अक्षयराजसिंह गोहिल सहित मध्यप्रदेश के निशानेबाजों ने मप्र राज्य निशानेबाजी संगठन द्वारा शहर में पहली बार आयोजित 7वीं पश्चिम क्षेत्र स्पर्धा में पदकों पर निशाना लगाया।
मप्र संगठन के महासचिव राकेश गुप्ता ने बताया कि सीमा सुरक्षा बल (सीसुब) की अंतरराष्ट्रीय स्तर की रेवती रेंज पर आयोजित स्पर्धा में देवांशी ने अपनी एयर पिस्टल से महिलाओं के जूनियर, सीनियर और यूथ वर्गों में पदकीय सफलता हासिल की। एयर पिस्टल सीनियर वर्ग में देवांशी ने स्वर्ण पदक जीता। इस वर्ग में महाराष्ट्र की तेजस्विनी पाटिल को रजत जबकि महाराष्ट्र की ही गायत्री कालांबे को कांस्य पदक मिला। जूनियर महिला वर्ग में देवांशी को रजत पदक हासिल हुआ। स्वर्ण पदक महाराष्ट्र की वैष्णवी खातावकर ने जबकि महाराष्ट्र की ही गौरी गणेश सालुंके ने कांस्य पदक जीता। यूथ बालिका वर्ग में भी देवांशी ने चांदी का तमगा जीता। स्वर्ण महाराष्ट्र की वैष्णवी ने जबकि कांस्य महाराष्ट्र की ही मेघना नारके ने जीता।
पुरुषों की स्माल बोर राइफल थ्री पोजीशन के सीनियर वर्ग में मप्र के अविनाश ने स्वर्ण जबकि मप्र के ही अक्षयराजसिंह ने रजत पदक जीता। महाराष्ट्र के रोहन अलहत को कांस्य पदक मिला। इसी स्पर्धा के जूनियर वर्ग में पहले दो स्थानों पर अविनाश और अक्षयराज ने कब्जा जमाया। वहीं रोहन यहां भी तीसरे स्थान पर रहे।
महिलाओं की स्माल बोर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा के सीनियर वर्ग में मप्र की बांधवी सिंह ने स्वर्ण पर निशाना साधा। महाराष्ट्र की स्नेहल पाटिल ने रजत और उन्हीं के प्रदेश की प्रणाली सूर्यवंशी ने कांस्य पदक हासिल किया। इसी स्पर्धा के जूनियर वर्ग में भी बांधवी को स्वर्ण मिला। महाराष्ट्र की प्रणाली को रजत जबकि गुजरात की खुशी चूडास्मा ने कांस्य पर निशाना साधा। 
पुरुषों की एयर पिस्टल में मध्यप्रदेश के दुर्गेश दंडोलिया ने चांदी के तमगे पर निशाना लगाया। स्वर्ण पदक महाराष्ट्र के हर्ष नाइक ने जबकि गुजरात के दिव्येश गेडिया ने कांस्य पदक जीता। जूनियर वर्ग में तीनों पदक महाराष्ट्र ने जीते। स्वर्ण हर्ष नाइक, रजत शुभम क्षीरसागर और कांस्य पदक अनुराज चौघुले ने हासिल किया। यूथ वर्ग में भी तीनों पदकों पर महाराष्ट्र का कब्जा रहा। हर्ष ने स्वर्ण, अनुराग ने रजत और कौशल गायकवाड़ ने कांस्य पदक जीता।
सशस्त्र बलों के वर्ग में पुरुषों की एयर पिस्टल में सेना के शिशिर गुरुंग ने स्वर्ण, सेना के ही केएम रंजीत ने रजत आरै सीसुब के समरेश पॉल ने कांस्य पदक जीता। जूनियर वर्ग में तीनों पदक सेना ने जीते। प्रवीण ने स्वर्ण, दीपेंद्र सिंह ने रजत और प्रदीप कुमार ने कांस्य पदक जीता। पुरुषों की थ्री पोजिशन स्पर्धा में सेना के अमित कुमार ने स्वर्ण, मंजीतसिंह ने रजत और अरिबम शर्मा ने कांस्य पदक जीता। 

Leave a Reply