विस के सामयिक अध्यक्ष शर्मा ने ममता बनर्जी को भेजी रामायण

रामेश्वर बोले-दीदी आपसे प्रार्थना है कि जय श्रीराम बोलना सीखो

भोपाल । मध्य प्रदेश विधानसभा के सामयिक अध्यक्ष और हुजूर क्षेत्र के विधायक रामेश्वर शर्मा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को रामायण की एक प्रति भेजी है। रविवार को मालवीय नगर स्थित अपने कार्यालय में रामेश्वर शर्मा ने खुद इस बात की जानकारी दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सालों बाद अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बनने जा रहे है। इससे ममता बनर्जी नाराज हैं। उन्हें राम नाम के उद्घोष से नफरत है। शर्मा ने कहा कि ममता दीदी आपसे प्रार्थना है कि जय श्रीराम बोलना सीखो। भगवान राम का विरोध करना बंद करो। बंगाल की भूमि पर शनिवार को एक कार्यक्रम में आपने भगवान राम का अपमान किया है। बंगाल के लोग आपको विधानसभा चुनाव में सबक सिखाएंगे। भगवान राम का नाम जपो। मैं आपको रामायण की एक पुस्तक भेज रहा हूं। रामायण को पढि़ए। उम्मीद करता हूं कि आपको सद्बुद्धि आएगी। जैसे पूरी दुनिया में प्रभु श्रीराम के भक्त हैं, आप भी रामायण पढ़कर उनकी भक्त हो जाएंगी और जय श्रीराम का उद्घोष करने लगेंगी।

 श्रीराम के नारों से गुस्सा नहीं कीजिए
विधानसभा के सामयिक अध्यक्ष ने कहा कि सदियों के इंतजार के बाद अब जाकर अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनने जा रहा है। इसके लिए देशभर में 15 जनवरी से समर्पण निधि अभियान चलाया जा रहा है, जो 15 फरवरी तक निरंतर चलना है। हर वर्ग के लोग श्रद्धाभाव से भगवान श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए अपनी स्वेच्छा से निधि अर्पित कर रहे हैं। ममता दीदी, आप भगवान श्रीराम के नारों से गुस्सा नहीं कीजिए। राम मंदिर निर्माण का समर्थन करें। शर्मा ने लोगों से यह भी कहा कि रामायण हर घर में होनी चाहिए। घरों में रामायण का पाठ होना चाहिए, जिससे नई पीढ़ी के बच्चे भगवान श्रीराम के बताए मार्ग पर चलें।

Leave a Reply