शैलजा हत्याकांड : पति का मेजर दोस्त गिरफ्तार, मोबाइल ने खोला राज, प्रेम-प्रसंग में हुआ मर्डर

नई दिल्ली | दिल्ली में मेजर अमित द्विवेदी की पत्नी शैलजा की हत्या के आरोपी मेजर निखिल रॉय हांडा को दिल्ली पुलिस ने मेरठ सैन्य क्षेत्र से रविवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया। मेजर निखिल और मेजर अमित दोनों दोस्त भी है। हत्यारोपी मेरठ में रहकर सारे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए था, लेकिन दिल्ली पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपी को दबोच लिया। आरोपी के कमरे से मोबाइल फोन और कुछ सामान बरामद किया गया है, जिसकी पड़ताल जारी है।


दिल्ली छावनी मेट्रो स्टेशन के पास शनिवार को मेजर अमित द्विवेदी की पत्नी शैलजा की गला काटकर हत्या कर दी गई थी। कत्ल को हादसा दिखाने के लिए लाश को कार से कुचला गया था। हालांकि पोस्टमार्टम में गला रेतकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस एक्टिव हो गई। शैलजा चूंकि आखिरी बार आर्मी हॉस्पिटल आई थी, इसलिए घटनास्थल से लेकर आर्मी क्षेत्र के सीसीटीवी की पड़ताल की गई।


एक संदिग्ध होंडा सिटी गाड़ी ट्रेस की गई। मोबाइल कॉल डिटेल और सीसीटीवी के सहारे दिल्ली पुलिस ने शैलजा की हत्या को अंजाम देने वाले मेजर निखिल रॉय हांडा को चिन्हित कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मेजर निखिल और मेजर अमित दोनों दोस्त है। मेजर निखिल का मेजर अमित की पत्नी शैलजा से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कत्ल करने के बाद मेजर निखिल हांडा मेरठ सदर इलाके में आर्मी क्षेत्र में आकर रूका। मोबाइल सर्विलांस के सहारे दिल्ली पुलिस को रविवार सुबह मेजर निखिल की लोकेशन मेरठ में मिली।


तीन टीम मेरठ पहुंची और दोपहर करीब एक बजे मेजर निखिल को सैन्य क्षेत्र में ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को लेकर दिल्ली पुलिस की दो टीम दिल्ली के लिए रवाना हो गई, जबकि एक टीम यहीं मेरठ में कागजी प्रक्रिया पूरी करने में लगी रही। मेजर निखिल से पुलिस पूछताछ जारी है। हत्या में प्रयुक्त कार और आरोपी का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। फिलहाल मेजर निखिल दिल्ली पुलिस की हिरासत में है।


Leave a Reply