सनी लियोनी का जलवा: ‘लैला मैं लैला’ से रांची के लोगों का लूटा दिल

रांची के मोरहाबादी मैदान में शनिवार की शाम लगभग पांच हजार लोगों की भीड़ मनोरंजन की अलग दुनिया से रू-ब-रू हुई। यहां बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री सनी लियोन नृत्य प्रस्तुत कर रही थीं। यहां एक संस्था की ओर से मिस्टर एंड मिस एटिट्यूड नामक फैशन शो का आयोजन किया गया। लगभग दो घंटे के इंतजार के बाद दस बजे सनी अपने डांस ग्रुप के कलाकारों के साथ मंच पर आईं। इस दौरान उन्होंने लैला मैं लैला, एक नजर देखेगी…सहित कई अन्य गानों पर जानदार नृत्य पेश किए। लोगों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। लोग उन्हें एक झलक देखने और अपने मोबाइल कैमरे में कैद करने को ललायित दिखे।
 

रेंज रोवर गाड़ी में पति के साथ पहुंचीं सनी 

सनी लियोन यहां रेंज रोवर गाड़ी से पहुंचीं। उनके साथ उनके पति डेनियल भी मौजूद रहे। गूगल सर्च में पिछले कई सालों से टॉप पर रहनेवाली इस अभिनेत्री का क्रेज यह था कि युवा आसपास के पेड़ पर चढ़कर उनकी एक झलक पाना चाह रहे थे। दर्शकों की इस दीवानगी को देखते हुए जिला प्रशासन ने दो स्कॉट गाड़ी उनके लिए मुहैया कराई थी। इस आयोजन का आनंद लेने सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी सहित बड़ी संख्या में पुलिस वाले मौजूद रहे। 
 

सनी लियोनी का जलवा: लैला मैं लैला…से रांची वाले लोगों का लूटा दिल तालियों से हुआ गीता कपूर का स्वागत 
कार्यक्रम की शुरुआत ट्रेडिशनल राउंड से हुई। कुल 27 मॉडलों ने यहां अपना हुनर दिखाया। इसमें रांची, जमशेदपुर, बिहार, ओडिशा, कोलकाता से युवा शामिल हुए। पहले दौर के बाद फाइनल में दस प्रतिभागियों को मौका मिला। यहां जज के रूप में मशहूर कोरियोग्राफर गीता कपूर मौजूद थीं। गीता कपूर का भी युवाओं ने जोरदार स्वागत किया। इसके साथ ही रैपर करण अरोड़ा और अन्य डांस ग्रुप के कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुति दी। अंत में फाइनल राउंड का आयोजन किया गया। यहां एड्स पीड़ित बच्चों ने रैंप वॉक किया। इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिसवालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 

गनीमत है बच गईं सनी 
आयोजन में बदइंतजामी इस कदर हावी थी कि कई मौकों पर सुरक्षा व्यवस्था तार-तार ही नहीं हुई बल्कि लोगों को आयोजकों के दुर्व्यवहार का भी सामना करना पड़ा। वहां तैनात बाउंसरों ने मंच के पास पहुंचनेवालों के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज भी किया। पुलिस वाले भी आयोजकों के इस व्यवहार से काफी खिन्न नजर आए। अगर पुलिसवाले मौजूद नहीं रहते तो सनी लियोन इस बदइंतजामी का शिकार हो सकती थीं।

Leave a Reply