20 लाख साल पहले एशिया आए थे मानव, जानें कैसे हुआ खुलासा

बीजिंग पुरातत्व वैज्ञानिकों ने चीन में कुछ प्राचीन औजार और हड्डियां खोजी हैं, जिससे पता चलता है कि हमारे शुरुआती मानव पूर्वजों ने लगभग 20 लाख साल पहले अफ्रीका छोड़ दिया था और वे एशिया में बस गए।


दक्षिणी चीन के लोएस पठार में सांगची स्थित चाइनीज एकेडमी ऑफ साइंसेज के प्रो. झाओयु झु के नेतृत्व वाली एक अध्ययन टीम ने इन औजारों को खोजा है। सबसे पुराना औजार 21.2 लाख साल पुराना है।  यह जार्जिया के दमानिसी से पाए गए 18.5 लाख साल पुराने अवशेषों और पत्थर के औजारों से भी 270,000 साल पुराने हैं। 


पत्थर से बनाए जाते थे औजार


नेचर जर्नल में प्रकाशित अध्ययन के मुताबिक, इन औजारों में खुरचनी, हथौड़ा पत्थर, नोंकदार पत्थर शामिल हैं। इससे संकेत मिलते हैं कि पत्थरों को औजार की शक्ल में आकार दिया जाता था। इनमें से ज्यादातर क्वार्टजाइट और क्वार्टज के बने हैं, जो संभवत: किनलिंग पर्वत के निचले हिस्से से लाए गए होंगे। जंतुओं की 21.2 लाख साल पुरानी हड्डियां भी पाई गई हैं।


अफ्रीका में पाए गए थे साक्ष्य


अध्ययन में शामिल ब्रिटेन के एग्जेटर विश्वविद्यालय के प्रो. रोबिन डेनेल ने बताया कि अफ्रीका से बाहर जार्जिया में ही अब से पहले मानव बसावट के शुरुआती साक्ष्य पाए गए थे। इस खोज से इस बात को बल मिलता है कि शुरुआती मानवों के अफ्रीका छोड़ने के समय के बारे में अब पुनर्विचार करने की जरूरत है। पत्थर से बने ये औजार जीवाश्मों में पाए गए हैं।


Leave a Reply