मोदी के 72 मंत्री 127 जगहों पर निकालेंगे तिरंगा यात्रा
भाजपा आने वाले पांच साल में राष्ट्रवाद के एजेंडे को आगे रखेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने इस साल संकल्प से सिद्धि के लिए अगले पांच साल का मंत्र दिया है ताकि भाजपा नए भारत का प्रणेता बन सके। इसके तहत 16 से 30 अगस्त के बीच मोदी कैबिनेट के 72 मंत्री 127 जगहों पर तिरंगा उठाएंगे।
पार्टी अध्यक्ष अमित शाह समेत 34 केंद्रीय पदाधिकारी 49 जगहों पर राष्ट्रवाद की अलख जगाएंगे। 16 अगस्त से 30 अगस्त तक सभी जिला केंद्रों पर नया भारत-मंथन, संकल्प से सिद्धि की ओर परिचर्चा जिसमें केंद्रीय मंत्री, सांसद, राज्यों में भाजपा के मंत्री शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस बार महात्मा गांधी द्वारा 1942 में छेड़े गए भारत अंग्रेजो भारत छोड़ो जैसा आंदोलन छेड़ने का निर्देश दिया है। आजादी के आंदोलन में योगदान को लेकर हमेशा से विपक्ष के निशाने पर रही संघ और भाजपा ने दीर्घकालिक रणनीति के तहत जवाब देने की योजना बनाई है। पिछले साल भाजपा ने तिरंगा यात्रा निकाली थी। इससे पार्टी को काफी अच्छा फीडबैक मिला था।
इस अभियान के लिए प्रधानमंत्री ने संकल्प के लिए पांच मंत्र भी दिए हैं। ये हैं- गंदगी- भारत छोड़ो, भ्रष्टाचार- भारत छोड़ो, आतंकवाद- भारत छोड़ो, जातिवाद- भारत छोड़ो, संप्रदायवाद- भारत छोड़ो।
14 अगस्त को राष्ट्रभक्ति संध्या का आयोजन, जिसमें महात्मा गांधी, वीर सावरकर, भगत सिंह और बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर पर बनी फिल्में भी दिखाई जाएंगी। 15 अगस्त को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्रियों के भाषण के बाद सभी शक्ति केंद्रों में मंडल स्तर तक ध्वजारोहण संकल्प के साथ। सभी कार्यक्रमों की निगरानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एप से होगी, आयोजकों को फोटो और जानकारी अपलोड करने को कहा गया है। सभी मंत्री-पदाधिकारी अपने इलाकों में शहीद स्मारकों पर जाएंगे। शहीदों के परिजनों से मिलेंगे। स्वच्छता अभियान, रक्तदान, मानव श्रंखला, क्विज प्रतियोगिता कराएंगे। भाजपा ने युवाओं पर खास फोकस किया है। सभी शिक्षण संस्थानों में जाकर शहीदों की तस्वीरें लगवाने के निर्देश दिए हैं।
राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह कहते हैं, ‘हमारा मकसद देश में राष्ट्रीयता के भाव को आगे बढ़ाना है। इस बार देश भारत छोड़ो आंदोलन की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है, इसलिए सभी केंद्रीय मंत्री और पार्टी के पदाधिकारी देशभर में तिरंगा ध्वज लेकर जा रहे हैं। इसको किसी तरह के राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं देखना चाहिए।’अब इस साल तिरंगे झंडे को लेकर भाजपा के पदाधिकारी और मोदी सरकार के सभी मंत्री देशभर में तिरंगा लेकर जाएंगे।