राबड़ी देवी की इफ्तार पार्टी आज: CM नीतीश को भेजा निमंत्रण, BJP नेताओं को भी बुलाया

पटना, । राजद नेता राबड़ी देवी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी इफ्तार की दावत में शामिल होने का आग्रह किया है। पूर्व मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर रविवार की शाम साढ़े छह बजे इफ्तार का आयोजन होना है। केंद्रीय मंत्रिमंडल से अलग रहने के जदयू के फैसले के बाद बिहार में सभी दलों के शीर्ष नेताओं की गतिविधियों को राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। ऐसे में राजद नेता राबड़ी देवी के निमंत्रण को भी सियासत के आईने से देखा जा रहा है। 
भाजपा नेताओं को भी किया आमंत्रित 
वैसे राबड़ी ने भाजपा नेताओं को भी आमंत्रित किया है। सत्ता के अलग-अलग धुरी बनने के बाद इफ्तार पार्टी में राजद की ओर से भाजपा नेताओं को पहली बार बुलाया गया है, किंतु लालू परिवार के आयोजनों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले भी शामिल होते रहे हैं। विधायक तेजप्रताप यादव की शादी में भी वह आमंत्रित थे। बिहार में महागठबंधन के बिखरने के बाद भाजपा के साथ सरकार चलाते हुए उन्होंने दलगत भावना से ऊपर उठकर शिरकत भी की थी।  
निमंत्रण पत्र पर सिर्फ राबड़ी का नाम 
राजद की इफ्तार पार्टी की चर्चा एक और खास वजह से हो रही है। निमंत्रण पत्र पर न नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का नाम है और न ही विधायक तेज प्रताप यादव का। सिर्फ राबड़ी देवी का नाम छपा है। लोकसभा चुनाव में हार के बाद लालू परिवार की ओर से आयोजित पहली दावत में दोनों भाइयों के पर्दे में रहने के पीछे कई अर्थ लगाए जा रहे हैं। इसे राजद की संस्कृति में सुधार के नजरिए से भी देखा जा रहा है और राजनीति में अच्छा संकेत माना जा रहा है।

Leave a Reply