विवेक के ट्वीट का जवाब देना चाहते थे अभिषेक, ऐश्वर्या ने रोका
मुंबई । बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबेरॉय द्वारा हाल ही में ऐश्वर्या राय पर किए गए एक विवादित ट्वीट से देशभर में काफी हलचल मच गई थी। विवेक ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक मीम शेयर किया था, जिसमें ऐश्वर्या राय बच्चन सलमान खान, विवेक और अभिषेक बच्चन के साथ नजर आ रही हैं। इस पोस्ट पर ऐश्वर्या राय को टारगेट करते हुए पोल्स के नतीजों का मजाक बनाया गया था।
विवेक के इस ट्वीट पर न तो ऐश्वर्या का कोई जवाब आया था और न ही अभिषेक बच्चन का। जब यह मामला चर्चा में आया तो उस समय ऐश्वर्या कान फैस्ट में शामिल होने गई थीं। जब ऐश्वर्या को इस बात की जानकारी मिली तो वह शॉक्ड हो गई। विवेक के इस ट्वीट पर अभिषेक उनको जवाब देना चाहते थे, लेकिन ऐश्वर्या ने फोन पर अभिषेक को जवाब देने से रोका था। उन्होंने अभिषेक को बताया था कि यह विवेक का पब्लिसिटी स्टंट है। जिसके माध्यम से वह अपनी फिल्म पीएम नरेंद्र मोदी को प्रमोट करना चाहता है। अगर वह (अभिषेक) इस ट्वीट का रिप्लाई करते हैं, तो अपनी कोशिश कामयाब हो जाएगा। बता दें, इस पोस्ट के बाद से विवेक ओबेरॉय को सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोल किया गया था। यही नहीं, विवेक के पोस्ट करने के कुछ देर बाद ही महाराष्ट्र महिला आयोग ने उनके नाम नोटिस भी जारी कर दिया था।
बाद में विवेक ने अपने ट्विटर अकाउंट से उस ट्वीट को डिलीट करते हुए माफी मांग ली थी। उन्होंने ट्वीट किया-कभी-कभी जो पहली नजर में मजाकिया प्रतीत होता है, वह दूसरों के लिए ऐसा नहीं हो सकता है। मैंने पिछले 10 वर्षों में 2000 से अधिक वंचित लड़कियों को सशक्त बनाया है। मैं कभी भी किसी भी महिला के प्रति अपमानजनक नहीं सोच सकता। विवेक ने कहा पता नहीं लोग क्यों इस बात को इतना तूल दे रहे हैं, जबकि जो लोग उस पोस्ट में हैं, उन्हें कोई दिक्कत नहीं है।