औरंगाबाद को लेकर महाराष्ट्र में राजनीति जारी

मुंबई। सरकार में मंत्री और एनसीपी के वरिष्ठ नेता नवाब मलिक ने कहा कि नामांतर का कोई विषय हमारी पार्टी और सरकार के एजेंडे में नहीं है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि सरकार के एजेंडे में किसी भी शहर का नाम बदलने का कार्यक्रम ही नहीं था। महाराष्ट्र में महा विकास आघाडी की सरकार में सब कुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा है। दरअसल, शिवसेना द्वारा औरंगाबाद का नाम बदलकर छत्रपति संभाजी नगर करने के फैसले पर उसकी सहयोगी कांग्रेस और एनसीपी ने नाराजगी जताई है। कांग्रेस तो लगातार खुलकर शिवसेना के इस प्रस्ताव का विरोध कर रही है, वहीं अब एनसीपी ने भी इसको लेकर आपत्ति जतानी शुरू कर दी है।
नवाब मलिक ने कहा कि तीनों दलों ने महाराष्ट्र में सरकार बनाई है और तीनों दल अपने-अपने विचार को लेकर उस पर कायम है। हमने देखा नहीं कि शिवसेना का क्या एजेंडा है। यह उनका व्यक्तिगत हो सकता है। उन्होंने अपने विचार बगल में रखकर सरकार नहीं बनाई है। इन सबके बीच मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने औरंगाबाद हवाईअड्डे का नाम बदलकर छत्रपति संभाजी महाराज हवाईअड्डा रखने के संबंध में जल्द से जल्द अधिसूचना जारी करने का केंद्र से अनुरोध किया। ठाकरे ने इस मांग को लेकर नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखा है।
