तीन साल की बच्ची गोद नहीं मिलने से नाराज पड़ोसी उसे उठाकर ले गए;

तीन साल की बच्ची गोद नहीं मिलने से नाराज पड़ोसी उसे उठाकर ले गए; पुलिस लगी तलाश में

काफी तलाश करने के बाद जब बच्ची का पता नहीं चला तो अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पहले 8 महीने तक आरोपी दंपती ने रखा था घर पर
मां के मना करने के बाद बच्ची को जबरन ले गए

भोपाल में 3 साल की मासूम का उसके पड़ोसी दंपती अपहरण कर फरार हो गए। वे उसे लंबे समय से गोद लेना चाह रहे थे। करीब 8 महीने उन्होंने बच्ची को माता-पिता की मर्जी से साथ में रखा, लेकिन फिर बच्ची की मां ने गोद देने से मना कर दिया। इसी के बाद दंपती बच्ची को खिलाने के बहाने घर लाए और उसे लेकर फरार हो गए। देर रात माता-पिता ने पिपलानी थाने में FIR दर्ज कराई।

ASP राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि तीन साल की बच्ची के अपहरण का मामला दर्ज किया है। SOS पुलिया के पास रहने वाले अजय धुर्वे मजदूरी करते हैं। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और दो बेटियां हैं। उनका दोस्त और पड़ोसी राजा उर्फ सलमान उनकी तीन साल की बेटी प्रीति धुर्वे को शुक्रवार सुबह अपने साथ खिलाने के बहाने घर ले गया। रात होने पर भी वे प्रीति को लेकर घर नहीं आए, तो अजय राजा के घर पहुंचा। वहां मकान खाली मिला। पूरा सामान लेकर सभी गायब थे। काफी तलाश करने के बाद जब राजा और प्रीति का पता नहीं चला तो अजय ने पिपलानी थाने में बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई।

आरोपी गोद लेना चाह रहा प्रीति

अजय ने बताया बताया कि आरोपी राजा की शादी के काफी समय के बाद भी कोई संतान नहीं है। वह प्रीति को काफी समय से गोद लेने का प्रयास कर रहा था। इससे पहले वह अजय और उसकी पत्नी की सहमति से प्रीति को अपने घर पर करीब 8 महीने तक अपने साथ ही रखे रहा। TI पिपलानी चेन सिंह रघुवंशी ने बताया कि इसके बाद प्रीति की मां ने बेटी को उन्हें गोद देने से मना कर दिया। हालांकि अजय बेटी को गोद देने के पक्ष में था। इसको लेकर विवाद हुआ, तो वे उसे बेटी को राजा के घर से लाए थे।

दोनों शहडोल के रहने वाले

पुलिस के अनुसर दोनों परिवार शहडोल तरफ के रहने वाले हैं। वे पिपलानी में करीब 5 साल से रह रहे हैं। उनके बीच पारिवारिक संबंध भी अच्छे हैं। इसी कारण अजय राजा को बेटी गोद देने के लिए तैयार हो गया था। राजा की लोकेशन का पुलिस पता लगा रही है। छोला इलाके में उसके छिपे होने की जानकारी पुलिस को मिली है।

Leave a Reply