2024 में दुनिया भारत को पहचानेगी : पीएम मोदी

अहमदाबाद | लोकसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद पहली दफा गुजरात पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज अहमदाबाद के खानपुर क्षेत्र स्थित भाजपा के पुराने प्रदेश मुख्यालय पर जनसभा को संबोधित किया और कहा कि 2014 तक देश गुजरात को पहचानता था और 2019 में देश मोदी को पहचानने लगा| लेकिन अब 2024 में समूचा विश्व भारत को पहचानेगा| रविवार शाम अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचे पीएम मोदी ने हवाई अड्डे के बाहर सरदार पटेल की प्रतिमा को पुष्पाजंलि अर्पण की और वहां से सीधे प्रदेश भाजपा के पुराने मुख्यालय पहुंचे| जहां उन्होंने सूरत अग्निकांड को लेकर गहरा दु:ख जताया और कहा कि कल से वह दुविधा में थे कि रविवार को अहमदाबाद में पार्टी के आयोजित कार्यक्रम में भाग ले या न लें| एक ओर कत्तर्व्य था और दूसरी ओर करूणांतिका| सूरत घटना में मारे गए विद्यार्थियों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में ऐसी घटना के पुनरावर्तन को रोकने की दिशा में हरसंभव प्रयास कर ही है| उन्होंने कहा कि सूरत अग्निकांड में कई घरों को चिराग बुझ गए हैं| कई परिवारों के सपने और अरमान भस्मीभूत हो गए हैं| इस दुर्घटना पर जितनी संवेदना व्यक्त की जाए, उतनी कम है|
गुजरात की लोकसभा की सभी 26 सीटों पर दोबारा जीत के लिए राज्य की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि अबकी बार 2014 के मुकाबले बड़ी जीत मिली है| गुजरात विधानसभा की कुल 182 में से भाजपा ने 173 सीटों पर लीड हासिल की है| प्रो इन्कम्बन्सी का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश की जनता ने सकारात्मक वोटिंग किया है| उन्होंने कहा कि मैं गुजरात की जनता के दर्शन करने आया हूं| क्योंकि यहां के लोगों का आशीर्वाद मेरे लिए हमेशा खास रहा है| गुजरात के प्रति विशेष लगाव व्यक्त करते हुए मोदी ने काह कि मैं उस जमीन पर आया हूं, जिसने मेरा पालन पोषण किया है| मैं जिस स्थान पर आया हूं, उससे मेरा काफी पुराना नाता रहा है| 2014 में देश को गुजरात पहचानने का अवसर मिला और गुजरात का विकास मोडल सबके सामने आया| 2014 तक देश गुजरात को पहचानता था और उसके बाद देश मोदी को पहचानने लगा| अब 2024 तक समूचा विश्व भारत को पहचानेगा| उन्होंने कहा कि आगामी पांच साल देश के लिए काफी महत्वपूर्ण हैं| अगले पांच साल जनभागीदारी और जन चेतना के होंगे| आगामी पांच साल का उपयोग सामान्य लोगों की समस्याओं का समाधान करने में करेंगे| उन्होंने कहा कि हमें वैश्विक स्तर पर भारत की स्थिति सुधारनी है| भाजपा की प्रचंड जीत का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि छठवें चरण के मतदान के बाद ही मैंने कहा था कि भाजपा को 300 से ज्यादा सीटें मिलेंगी| उसके बाद लोग मेरा उपहास करने लगे, लेकिन चुनाव के नतीजों ने उन सभी के मुंह बंद करा दिए हैं| उन्होंने कहा कि गुजरात में भाजपा ने लगातार दूसरी बार दफा लोकसभा चुनाव में सभी 26 सीटों पर जीत हासिल की है|

Leave a Reply