नेपाल को मिल सकता है नया गृह मंत्री, सुदन गुरुंग के नाम पर मुहर के संकेत
![]()
काठमांडू: नेपाल के राजनीतिक गलियारों से इस वक्त की एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। विवादों के बाद इस्तीफा दे चुके सुधन गुरुंग एक बार फिर देश के गृह मंत्री की कमान संभालने जा रहे हैं। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल को सुधन गुरुंग को दोबारा गृह मंत्री नियुक्त करने की आधिकारिक सिफारिश भेज दी है। पूरी संभावना है कि मंगलवार को ही वे देश के नए गृह मंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।
वित्तीय गड़बड़ी के आरोपों के बाद 22 अप्रैल को छोड़ा था पद
उल्लेखनीय है कि सुधन गुरुंग पर वित्तीय लेनदेन में हेराफेरी के गंभीर आरोप लगे थे, जिसके बाद विवाद बढ़ता देख उन्होंने बीते 22 अप्रैल को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा सौंपते समय गुरुंग ने कहा था कि आज की युवा पीढ़ी सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही चाहती है। उन्होंने दलील दी थी कि पद पर बने रहने से जांच प्रभावित हो सकती थी और हितों का टकराव (कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट) होने की आशंका थी, इसलिए उन्होंने नैतिकता के आधार पर पद छोड़ना बेहतर समझा। उनके हटने के बाद पिछले डेढ़ महीने से गृह मंत्रालय का अतिरिक्त कार्यभार खुद प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह संभाल रहे थे।
पूर्व जज की जांच रिपोर्ट में गुरुंग को मिली बड़ी राहत
गृह मंत्री पर लगे संगीन आरोपों की निष्पक्ष जांच के लिए नेपाल सरकार ने 11 मई को पूर्व मुख्य न्यायाधीश अच्युत प्रसाद भंडारी की अध्यक्षता में एक विशेष जांच समिति का गठन किया था। समिति ने अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रधानमंत्री को सौंप दी है। हालांकि, सरकार ने अभी तक इस रिपोर्ट के मुख्य अंशों को सार्वजनिक नहीं किया है, लेकिन अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक जांच में गुरुंग के खिलाफ वित्तीय गड़बड़ी का कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि गुरुंग और विवादित बिजनेसमैन दीपक भट्ट के बीच रुपयों के सीधे लेनदेन का कोई बैंकिंग रिकॉर्ड या डिजिटल साक्ष्य मौजूद नहीं है।
क्या था पूरा विवाद और शेयर बाजार का कनेक्शन?
सुधन गुरुंग पर आरोप था कि वे हवाला और धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) के मामले में जेल में बंद कुख्यात व्यवसायी दीपक भट्ट की कंपनियों 'स्टार माइक्रो इंश्योरेंस' और 'लिबर्टी माइक्रो इंश्योरेंस' में संस्थापक शेयरधारक रहे हैं। जांच के दौरान गुरुंग ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि वे काठमांडू के ठमेल इलाके में एक बड़ा होटल संचालित करते थे और उसी वैध कमाई को उन्होंने शेयर बाजार व सोने में निवेश किया था। अप्रैल में जब नेपाल के मंत्रियों की संपत्ति का ब्यौरा सार्वजनिक हुआ, तो गुरुंग कैबिनेट के सबसे अमीर मंत्रियों में शुमार थे। उनके पास तय सीमा से काफी ज्यादा जमीन और भारी मात्रा में कैश मिला था।
संपत्ति पर सवाल उठने पर उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना बचाव करते हुए लिखा था कि, 'गरीब पैदा होना कोई गुनाह नहीं है, लेकिन गरीब मर जाना जरूर गलती है। राजनीति में कदम रखने से पहले ईमानदारी से व्यापार कर धन कमाना कोई पाप नहीं है।' बता दें कि सुधन गुरुंग नेपाल में पिछले साल उपजे 'जेन-जी' (Gen-Z) युवा आंदोलन के सबसे बड़े चेहरे हैं और वे गोरखा-1 सीट से संसद सदस्य चुने गए हैं।
महाबीर पुन को भी कैबिनेट में मिलेगी जगह
नेपाल राष्ट्रपति कार्यालय ने पुष्टि की है कि प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की ओर से कैबिनेट विस्तार की सिफारिश प्राप्त हो चुकी है। सुधन गुरुंग की गृह मंत्रालय में वापसी के साथ ही एक और लोकप्रिय सांसद महाबीर पुन को भी कैबिनेट मंत्री बनाया जा रहा है। उन्हें देश के विज्ञान, तकनीक और नवाचार (इनोवेशन) मंत्रालय की अहम जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल शीतल निवास (राष्ट्रपति भवन) में दोनों नेताओं को पद की शपथ दिलाएंगे।
