पत्नी से अवैध संबंध के शक में दोस्त ने की ट्रक चालक की हत्या

नई दिल्ली । सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित तिलपता में ट्रक चालक पवन की हत्या उसके ही दोस्त दिनेश उर्फ बंटी ने कर दी। घटना के बाद से आरोपित फरार है। दिनेश को शक है कि उसकी पत्नी व पवन के बीच अवैध संबंध थे। इसी शक में आरोपित ने दोस्त पर चाकू से हमला कर उसको मौत के घाट उतार दिया। मामले में पीड़ित स्वजन की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपित की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगी हुई है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपित को धर दबोचा जाएगा। मूल रूप से संभल जिले के धनारी का रहने वाला पवन ट्रक चालक था। वह तिलपता में संतोष विहार कालोनी में रहता था। वह यहां करीब दस साल से रह रहा था। शुक्रवार रात पवन के घर पर उसका दोस्त दिनेश आया। दोनों ने साथ बैठ कर पार्टी की। इसी बीच दिनेश व पवन के बीच पत्नी को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। दिनेश ने विरोध जताया कि पवन उसकी पत्नी से बात क्यों करता है। बात इतनी आगे बढ़ गई कि दिनेश ने पवन पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। दिनेश जब पवन के कमरे से निकला तो वह थोड़ा हड़बड़ाया हुआ सा था। पवन के मकान मालिक को शक तो हुआ, लेकिन रात अधिक होने की वजह से उन्होंने मामले को चलता कर दिया। सुबह तक जब पवन बाहर नहीं निकला तो शक होने पर मकान मालिक उसके कमरे में गए। तब पता चला कि उसकी हत्या हो चुकी है। मकान मालिक ने ही मामले की सूचना पुलिस को दी।
