महाराष्ट्र : औरंगाबाद में दो गुटों के बीच हुई झड़प, भीड़ ने किया पुलिस पर हमला….

महाराष्ट्र के औरंगाबाद में कुछ युवक आपस में भिड़ गए। जिसके बाद 500 से अधिक लोगों की भीड़ ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि यह घटना बुधवार रात किराडपुरा में हुई, जहां एक प्रसिद्ध राम मंदिर है।

पुलिस आयुक्त निखिल गुप्ता ने पीटीआई से कहा कि हम नहीं जानते कि हमले में शामिल 500 से 600 की संख्या वाले लोग कौन थे। यह कुछ युवकों के बीच झड़प के बाद शुरू हुआ। उन्हें पकड़ने के लिए तलाशी अभियान जारी है।

उन्होंने कहा कि भीड़ की घटना लगभग एक घंटे तक चली। राम मंदिर सुरक्षित है। लगभग छह से सात वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

सोशल मीडिया पर स्थानीय ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के लोकसभा सांसद इम्तियाज जलील का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह राज्य के भारतीय जनता पार्टी के मंत्री अतुल सावे और अन्य को शांति सुनिश्चित करने के लिए बोलते दिखाई दे रहे हैं।

जलील ने कहा कि राम मंदिर सुरक्षित है। पुलिस को इसमें शामिल लोगों को तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए।

नमाज के दौरान हुई दो गुटों में झड़प

जलगांव जिले में नमाज के दौरान मस्जिद के बाहर म्यूजिक बजाने को लेकर दो गुटों में झड़प हो गई। घटना के बाद दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।

इस मामले को लेकर जलगांव के एसपी एम राजकुमार ने बताया कि हमने अब तक 45 लोगों को गिरफ्तार किया है। हिंसा में 4 लोग घायल हुए हैं। वर्तमान स्थिति शांतिपूर्ण है और क्षेत्र नियंत्रण में है। 

Leave a Reply