चुनाव ड्यूटी में तीन दिन तक नहीं मिला आराम, थक कर पेट्रोल पंप पर लेट गए जवान

चुनाव में ड्यूटी पर तैनात कुछ पुलिसकर्मियों की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसमें राज्य रिजर्व पुलिसबल के जवान एक पेट्रोलपंप पर जमीन पर सोते हुए नजर आ रहे हैं। यह तस्वीर 12 अप्रैल की बताई जा रही है। इसमें नजर आ रहे जवान तीन दिन की लगातार चुनाव ड्यूटी के बाद पुणे पहुंचे थे। इन तस्वीरों के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिसकर्मियों की बदहाली पर सवाल उठाते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा जा रहा है।

 
जानकारी के मुताबिक, 10 अप्रैल को राज्य रिजर्व पुलिस बल का एक दल चिचगढ़ पुलिस स्टेशन पहुंचा। यह दल 11 अप्रैल को सुबह 6 बजे गोंदिया के लिए रवाना हुआ। पूरे दिन चुनावी ड्यूटी में तैनात रहा और आराम के लिए वक्त नहीं मिला। इसके बाद इन्हें पुणे के ग्रामीण इलाके में बंदोबस्त का आदेश दे दिया गया। रात भर यात्रा करने के बाद यह दल अगली सुबह यानि 12 अप्रैल को एक पेट्रोल पंप पर पहुंचा।

तीन दिन से लगातार जागने के कारण थक कर चूर हो चुके जवान पेट्रोल पंप पर ही जमीन पर लेट गए। कहा जा रहा है कि उनके खाने का भी कोई इंतजाम नहीं था। हालांकि, तस्वीरें वायरल हो जाने के बावजूद अभी तक कोई भी आधिकारिक बयान रिजर्व पुलिस बल की ओर से नहीं आया है।

Leave a Reply