डिजिटल पेमेंट पर सर्विस चार्ज वसूल रहा ननि 

भोपाल। नगर निगम में डिजिटल पेमेंट करने पर लोगों को अतिरिक्त भुगतान करना पड रहा है। सूत्रों की माने तो नगर निगम के जिन बैंकों में खाते हैं वे सर्विस चार्ज के नाम पर राशि वसूलते हैं। उधर नगर निगम अधिकारियों को दावा है कि डिजिटल पेमेंट पूरी तरह से नि:शुल्क है, इसके लिए अलग से कोई चार्ज नहीं लिया जाता है। जानकारी के अनुसार, नगर निगम को संपतिकर एवं जलकर के खाता धारकों को डिजिटल पेमेंट करने की सुविधा दी हुई है। इसके तहत आफलाइन भुगतान करने पर कोई अतिरिक्त भुगतान नहीं करना पडता है, लेकिन दो हजार रुपए से अधिक की राशि का डिजिटल पेमेंट करने पर 21 रुपए तक अतिरिक्त भुगतान करना पडता है। ऐसे में खाताधारक डिजिटल पेमेंट करने के बजाय  ऑफ लाइन पेमेंट करने के बजाय ऑफलाइन पेमेंट करने को प्राथमिकता दे रहे हैं। 
    नगर निगम की ओर से दी जाने वाली रसीद में उसी राशि का जिक्र होता है जो निगम के खाते में गई, जबकि प्रोसेसिंग फीस के नाम पर ली जाने वाली राशि बैंक लेता है। ऐसे में भुगतान करने वाले खाता धारक को यह पता ही नहीं चल पाता है कि उससे डिजिटल पेमेंट के नाम पर अतिरिक्त पैसा लिया गया है। इसके अलावा एक और समस्या है कि आप आरटीजीएस के माध्यम से निगम का भुगतान करना चाहते हैं तो यह परेशानी की वजह बन सकता है। दरअसल निगम की मौजूदा व्यवस्था के तहत आरटीजीएस की हुई रकम की रसीद लेने के लिए आपको तमाम डिटेल लेकर निगम के कार्यालय में देना होगी। यही नहीं, कई बार आरटीजीएस करने के बाद भी खाताधारक पर लेनदारी कम ही नहीं होती है, इस तरह की शिकायतें निगम में आम है। इस बारे में नगर निगम के अपर आयुक्त रणबीर सिंह का कहना है कि डिजिटल पेमेंट पर अतिरिक्त चार्ज नहीं लगना चाहिए, अगर लग रहा है तो मैं दिखवाता हूं।

Leave a Reply