अंग्रेजी मीडियम से इरफान की वापसी
हिंदी मीडियम के बाद अभिनेता इरफान खान की आगामी फिल्म अंग्रेजी मीडियम का ट्रेलर रिलीज हो गया है। बिमारी से उबरने के बाद इरफान एक बार फिर वापसी करते हुए दर्शकों को अपने ही अंदाज में भाषा का ज्ञान देने आ गए हैं। इरफान की आगामी फिल्म को होमी अदजानिया ने डायरेक्ट किया है। यह फिल्म 20 मार्च 2020 रिलीज हो रही है।
इस फिल्म के ट्रेलर में बाप बेटी के बीच की स्ट्रॉन्ग बॉन्डिंग के अलावा बेटी के लिए बाप के संघर्ष को भी दिखाया गया है। अंग्रेजी मीडियम में आपको कॉमेडी के साथ-साथ इमोशन का जबरदस्त तड़का देखने को मिलेगा। फिल्म में अभिनेता इरफान खान ने अभिनेत्री राधिका मदान के पिता की भूमिका निभाई है।
इससे पहले अंग्रेजी मीडियम का एक वॉइस ओवर वीडियो काफी वायरल हुआ था। इस इमोशनल वीडियो के जरिए इरफान ने फिल्म के प्रमोशन में अपनी गैर मौजूदगी की वजह बताई है। उन्होंने प्रशंसकों को अपनी खराब तबीयत के बारे में बताया। इरफान ने कहा- 'मैं आज आपके साथ हूं भी और नहीं भी। खैर ये फिल्म अंग्रेजी मीडियम मेरे लिए बहुत खास है। मेरी दिली ख्वाहिश थी कि इस फिल्म को उतने ही प्यार से प्रमोट करूं जितने प्यार से हम लोगों ने इसे बनाया है।'
उन्होंने आगे कहा कि उम्मीद है ये फिल्म आपको हंसाएगी रुलाएगी। फिर से हंसाएगी ट्रेलर को एन्जॉय करिए। एक दूसरे के प्रति दयालू रहिए और फिल्म देख कर आइए और हां मेरा इंतजार करिएगा। '
होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी फिल्म अंग्रेजी मीडियम में इरफान खान और करीना कपूर मुख्य भूमिका में हैं। उनके अलावा राधिका मदान, दीपक डोबरियाल, कीकू शारदा, डिंपल कपाड़िया आदि भी हैं।
फिल्म 'थप्पड़' में दिखेंगी दीया मिर्जा
बॉलीवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा एक बार फिर बड़े पर्दे पर आने वाली हैं। वह अनुभव सिन्हा की फिल्म 'थप्पड़' में दिखेंगी। इस फिल्म में दीया मिर्जा के अवाला तापसी पन्नू अहम किरदार में नजर आएंगी। यह फिल्म 28 फरवरी को रिलीज होगी। फिल्म की कहानी घरेलू हिंसा की शिकार एक महिला की न्याय की लड़ाई पर आधारित है। दीया इन दिनों फिल्म के प्रमोशन में वयस्त चल रही हैं। प्रमोशन के दौरान दीया ने अपने और पति साहिल संघा के अलग होने का कारणों का भी खुलासा किया।
दीया की शादी 18 अक्टूबर 2014 में साहिल से हुई थी। साहिल उनके बिजनेस पार्टनर भी हैं। दीया और साहिल की शादी आर्य समाज की रीतियों से दिल्ली में हुई थी। हालांकि यह शादी ज्यादा दिनों तक नहीं चली और दीया ने पिछले साल अगस्त में अपने पति साहिल संघा से अलग होने की घोषणा कर दी। इस अभिनेत्री ने कहा कि मेरा पेशा मुझे दुखी रहने की अनुमति नहीं देता साथ ही कहा कि किसी से अलग होने का फैसला बड़ा कठिन जरूर होता है पर जरूरत पड़ने पर वो लेना तो पड़ता ही है।
