अंतिम चरण के मतदान में पंजाब को फतेह करने के लिए मैदान में उतरेंगे सारे महारथी

जालंधर. लोकसभा चुनाव के लिए मतदान को आखिरी सप्ताह बचा है और इस आखिरी चरण की लड़ाई को फतेह करने के लिए लगभग हर पार्टी के महारथियों ने कमान संभाली है। सबसे ज्यादा रोचक रहने वाला है सोमवार, क्योंकि सोमवार को बठिंडा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गुरदासपुर में सुषमा स्वराज, संगरूर में अरविंद केजरीवाल और खन्ना में राहुल गांधी की गर्जना सुनने को मिलेगी। इसके अलावा 14 को पठानकोट में प्रियंका गांधी वाड्रा भी रोड शो कर रही हैं, वहीं अरविंद केजरीवाल का तो आने वाला लगभग पूरा सप्ताह यानि 5 दिन पंजाब में ही बीतने वाले हैं।
केजरीवाल का रूटप्लान
संगरूर के निवर्तमान सांसद एवं आम आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष भगवंत मान ने बताया कि केजरीवाल 13 मई को संगरूर लोकसभा क्षेत्र के खनौरी कस्बे से पंजाब में प्रवेश कर खनौरी, लहरागागा, सुनाम और चीमा, लौंगोवाल, धनौला, ढिल्लवां, बरनाला तक रोड शो और चुनाव रैली को संबोधित करेंगे।
14 मई को बरनाला, संघेड़ा, शेरपुर, धूरी, संगरूर तक रोड शो और भवानीगढ़, दिड़बा और सुनाम में चुनाव रैली को संबोधित करेंगे। 15 मई को वह बठिंडा लोकसभा हलके के पहले गांव ढैपई से लेकर बठिंडा तक रोड शो और जनसभा करेंगे।
16 मई को केजरीवाल फरीदकोट लोकसभा हलके के जैतों, कोटकपूरा, फरीदकोट, मुदकी, बाघापुराना और निहालसिंहवाला, फूलोवाली पुल, चावक, युद्ध सिंह वाला से मोगा तक रोड शो करेंगे । 17 मई को पटियाला लोकसभा हलके में नाभा, पटियाला, राजपुरा से जीरकपुर तक रोड शो करेगे।
मान ने बताया कि केजरीवाल के अलावा पंजाब मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया, सतीन्द्र जैन, कैबिनेट मंत्री गोपाल राय, जिन्दरपाल गुप्ता, डिप्टी स्पीकर राखी बिड़ला, लोकसभा चुनाव लड़ रहे राघव चड्ढा और आतिशी, अमानतुला, विधायक नरेश यादव और अवतार सिंह कालका समेत कई और सीनियर नेता पंजाब में प्रचार करेंगे।
