अगले 72 घंटे गुजरात पर भारी, हो सकती है भारी से अतिभारी बारिश

अहमदाबाद | दक्षिण गुजरात और मध्य गुजरात में बरसाती माहौल के बीच मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों के दौरान राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का अनुमान व्यक्त किया है| कई हिस्सों में भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना है| मौसम विभाग के मुताबिक पूर्व राजस्थान और उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश में साइक्लोनिक सर्क्युलेशन बना हुआ है, जो लो प्रेशर से जुड़ा है| इसके अलावा 31 जुलाई को बंगाल की खाडी में और एक लो प्रेशर सक्रिय होगा और इसी की वजह से अगस्त के पहले सप्ताह में गुजरात के ज्यादातर जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है| भारी बारिश की संभावनाओं को देखते हुए राजकोट प्रशासन सतर्क हो गया है| सभी अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं| जिला कलेक्टर, महानगर पालिका के अधिकारी समेत प्रशासन को स्टेन्ड बाय कर दिया गया है| महानगर पालिका आयुक्त ने बाढ़ के हालात पर सीसीटीवी कैमरे से नजर रखने का आयोजन किया है| उत्तरी गुजरात के अरवल्ली जिला प्रशासन भी भारी से अतिभारी बारिश की संभावना के चलते सतर्क हो गया है| एनडीआरएफ की टीम अरवल्ली जिले के मुख्यालय मोडासा पहुंच गई है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए जरूरी साधन-सामग्री के साथ जवान तैयार हैं| इस बीच शनिवार की सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक राज्य की 68 तहसीलों में 1 से 49 मिमी बारिश दर्ज हुई है|

Leave a Reply