अगस्त के तीसरे हफ्ते में हो सकता है जेवर एयरपोर्ट का शिलान्यास, पीएम मोदी और सीएम योगी के आने की उम्मीद

जेवर में बनने जा रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शिलान्यास का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। एयरपोर्ट का शिलान्यास अगस्त माह के अंत में हो सकता है, इसके लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। एयरपोर्ट के शिलान्यास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की संभावना है। रनहेरा पुलिस चौकी के पास शिलान्यास कार्यक्रम कराने की तैयारी है। सोमवार को जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह और पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने जेवर साइट का दौरा किया।
जेवर एयरपोर्ट परियोजना का 20 अगस्त के आसपास प्रधानमंत्री मोदी के हाथों शिलान्यास कराया जा सकता है। जेवर एयरपोर्ट को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार केंद्र को स्टेटस रिपोर्ट पहले भेज चुकी है। जेवर एयरपोर्ट की लगभग सारी औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं। परियोजना से प्रभावित परिवारों को भी जेवर बांगर में शिफ्ट किया जा चुका है। अब शिलान्यास की तैयारी शुरू हो गई है।
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, नोएडा के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह और यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने सोमवार को जेवर एयरपोर्ट के भूमि पूजन स्थल का मुआयना किया। शासन ने गौतमबुद्ध नगर प्रशासन को सारी तैयारियां पूरी करने का आदेश दिया है। बताया जाता है कि प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह स्पष्ट कर दिया है कि 22-25 अगस्त तक भूमि पूजन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आ सकते हैं।
यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण शुरू करने के लिए सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। अब केवल प्रधानमंत्री का कार्यक्रम मिलने की देरी है। उन्होंने बताया कि उन्हें आशा है कि अगस्त के तीसरे सप्ताह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम मिल जाएगा।
कोरोना से देर हुई परियोजना : पहले गत मई में जेवर एयरपोर्ट का शिलान्यास होना था, लेकिन कोरोना की वजह से इसे टालना पड़ा। अब कोविड की दूसरी लहर का असर कम होने पर फिर से तैयारी तेज की गई है।
मालूम हो कि पिछले हफ्ते राजधानी लखनऊ में उत्तर प्रदेश नागरिक उड्डयन विभाग और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नियाल) के बीच जेवर में प्रस्तावित एयरपोर्ट के पहले चरण के लिए 1334 हेक्टेयर जमीन का लीज एग्रीमेंट संपन्न हुआ है।
