अग्रवाल महिला मंडल के रंगारंग मेले के दौरान हुई अनेक दिलचस्प स्पर्धाएं

इन्दौर । अग्रवाल महिला मंडल के तत्वावधान में पितृ पुरूष महाराजा अग्रसेन की 5143वीं जयंती के उपलक्ष्य में तेली बाखल मल्हारगंज स्थित नारनोली अग्रवाल पंचायत ट्रस्ट भवन पर रंगारंग मेले का शुभारंभ समाजसेवी पी.डी. अग्रवाल कान्ट्रेक्टर, किशनलाल ऐरन, अग्रवाल समाज के अध्यक्ष गोविंद सिंघल, शंभूदयाल अग्रवाल एवं जगदीश बाबाश्री ने महाराजा अग्रसेन का चित्र पूजन कर किया।
इस अवसर पर महिला मंडल की ओर से अध्यक्ष प्रेमलता अग्रवाल, मंत्री निर्मला गर्ग, शोभा जैन, चंद्रकांता ऐरन, शीला अग्रवाल, निर्मला अग्रवाल, कृष्णा गर्ग आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। मेले में आयोजित लड्डू गोपाल स्पर्धा में सुधा अग्रवाल, वर्षा अग्रवाल एवं समता अग्रवाल, फैंसी ड्रेस स्पर्धा में सार्थक गोयल, तन्वी अग्रवाल एवं प्रिया मित्तल, व्यंजन बनाने की स्पर्धा में ऋचा गर्ग, चाहत अग्रवाल एवं पिंकी अग्रवाल तथा नमकीन व्यंजन बनाने की स्पर्धा में निर्मला अग्रवाल, गुंजन बंसल एवं राधा गर्ग विजेता रहे। अतिथियों ने आकर्षक पुरस्कार देकर विजेताओं को सम्मानित किया। मेले में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं के अलावा पार्षद दीपक जैन टीनू एवं अन्य जन प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
