अजमेर के इस डॉक्टर ने दी मरीज को अजीबोगरीब सलाह, कहा- कुत्ता काटे तो उसी को काट लो!

अजमेर: राजस्थान के अजमेर में चिकित्सक और पीड़ित महिला मरीज के बीच हुए विवाद का वीडियो साेशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहा है. वीडियो में पीड़ित महिला चिकित्सक पर आरोप लगा रही है कि जब वह डॉक्टर के पास इलाज के लिए गई तो डॉक्टर ने कहा कि अगर आपको कुत्ते ने काटा है तो आप भी कुत्ते को काट लेतीं. वहीं वायरल वीडियो में डॉक्टर का कहना है कि आरोप बेबुनियाद है और वो महिला के खिलाफ एससी एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज करवाएगा.
चिकित्सा विभाग हरकत में आया. आनन फानन में इस मामले की जांच हुई तो पता चला कि यह मदार के जेपी नगर स्थित सरकारी डिस्पेंसरी का है. यहां पर कार्यरत चिकित्सक प्रवीण कुमार बालोटिया और एक महिला मरीज के बीच विवाद हो रहा है.
पीड़ित महिला आउटडोर में अपनी पीड़ा बता रही है कि चिकित्सक के पास जब वह इलाज कराने गई तो वहां चिकित्सक ने कहा कि आप भी कुत्ते को काट लेतीं. आउटडोर में हंगामा होता देख चिकित्सक ने पुलिस को बुलाने की धमकी दी और मुकदमा दर्ज कराने की बात कही. इस मामले में सीएमएचओ डॉ. के के सोनी ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले में कार्रवाई करते हुए पांच सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है.
