अनाथालय में जहरीला खाना खाने से दो बच्चों की मौत, 10 बीमार

मथुरा के एक अनाथालय में संक्रमित खाना खाने (Food Poisoning ) से 12 बच्चों की तबियत बिगड़ गई. इनमें से दो बच्चों की मौत (Death) हो गई. जबकि अन्य 10 को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इन सभी का इलाज चल रहा है.
मथुरा जिले के डीएम सर्वग्य राम मिश्रा ने एनएनआई को बताया कि बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि जहरीला खाना खाने से 12 बच्चे (toddlers) बीमार पड़ गए और दो छाेटे बच्चों की जान चली गई. जिन बच्चों की मौत हुई है उनकी उम्र छह महीने से दो साल के बीच है.
डीएम के मुताबिक 12 बच्चों में से छह की हालत काफी खराब थी. उन्हें आगरा रैफर किया गया था. उन्हीं में से दो बच्चों की मौत हो गई. जबकि चार बच्चे जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं. वहीं अन्य छह की हालत स्थिर है. प्रथम दृष्टया यह फूड पॉइजनिंग का मामला लग रहा है. यह घटना स्टाफ की लापरवाही से हुई है. इस संबंध में तत्काल ही उच्चाधिकारियों को बताया जाना चाहिए था.
24 घंटे में जांच कर दोषियों पर होगी कार्रवाई
डीएम सर्वग्य राम मिश्रा का कहना है कि इस मामले में जांच की जा रही है. 24 घंटे के अंदर जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ा कदम उठाया जाएगा.
