अब प्रतियोगिता के आधार पर कोच रखेगा स्क्वाश महासंघ

नई दिल्ली । भारतीय स्क्वाश रैकेट्स महासंघ (एसआरएफआई) अब पूर्णकालिक कोच की जगह ‘प्रतियोगिता आधारित’ कोच नियुक्त करेंगा। यह कोच सीमित समय के लिए रखें जाएंगे। भारतीय खिलाड़ी पिछले एक साल से ही पूर्णकालिक विदेशी कोच के बिना ही अभ्यास कर रहे हैं। जोशना चिनप्पा, सौरव घोषाल और दीपिका पल्लीकल जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी वाली टीम हालांकि इसके बावजूद दो रजत पदक जीतने में सफल रही थी। अगस्त-सितंबर में हुए एशियाई खेलों में भी भारतीय टीम पांच पदक जीतने में सफल रही जिसमें महिला टीम स्पर्धा का रजत पदक भी शामिल है। राष्ट्रीय कोच साइरस पोंचा ने कहा, ‘पूर्णकालिक कोचों की नियुक्ति करने की जगह हमने संक्षिप्त समय के लिए विशेषज्ञों की सेवाएं लेने का फैसला किया हैं। उदाहरण के लिए दिसंबर में वाशिंगटन में होने वाली पुरुष विश्व चैंपियनशिप से पहले खिलाडिय़ों को एक महीने के लिए डेविड पाल्मर के साथ ट्रेनिंग का मौका मिलेगा।’ पोंचा ने कहा, ‘हमारा मानना है कि कोचों की प्रतियोगिता के आधार पर नियुक्ति हमारे खिलाडिय़ों के लिए अधिक फायदेमंद होगी।’
