अब बनारसी लंगड़ा आम का स्वाद चख सकेंगे लंदन के लोग 

वाराणसी । दुबई के बाद अब लंदन के लोग भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सांसद आदर्श गांव जयापुर के बनारसी लंगड़ा आम का स्वाद चख सकेंगे। वाराणसी के कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने राजा तालाब स्थित पेरिशबल कार्गो सेंटर से बनारसी लंगड़ा आम के डेढ़ मीट्रिक टन की पहली खेप को हरी झंडी दिखाकर लंदन के लिए रवाना कर ‎दिया है। इसके साथ ही 12 मीट्रिक टन बनारसी लंगड़ा एवं चौसा आम के खेप को बेंगलुरू के सुपरमार्केट के लिए भी रवाना किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र का सांसद आदर्श गांव जयापुर आम का बड़ा निर्यातक बन गया है। वाराणसी के किसानों का मानना है कि अब दूर लंदन में बैठे लोग न सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी के सांसद आदर्श गांव जयापुर का बनारसी लंगड़ा का स्वाद चख सकेंगे बल्कि फलों के राजा के रूप में मशहूर बनारसी लंगड़ा आम वहां के बाजारों की रौनक भी बढ़ा देगा। गौरतलब है कि 28 मई, 2020 को पहली बार 3 मीट्रिक टन लंगड़ा और दशहरी आम की एक खेप दुबई भेजा गया था और अब वाराणसी से 1.2 मीट्रिक टन आम की एक खेप लंदन भेजा गया है। इस खेप में लंगड़ा, रामखेड़ा, दशहरी किस्म भी शामिल है। हालांकि इसकी पैकैजिंग लखनऊ में कर के दिल्ली के रास्ते लंदन पहुंचाया जा रहा है लेकिन राज्य सरकार ने राजातालाब स्थित पेरिशबल कार्गो सेंटर में ही एक महीने के अंदर पैकेजिंग के लिए पैक हाउस स्थापित कराये जाने का निर्देश दिया। पैकेजिंग की व्यवस्था हो जाने पर यहां से दुनिया के अन्य देशो को भेजे जाने वाले फल एवं सब्जियों का पैकेजिंग कराने के लिए लखनऊ नहीं भेजना पड़ेगा और कार्गो सेंटर राजातालाब में ही पैकेजिंग होकर लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से ही सीधे विदेशों तक भेजा जा सकेगा।

Leave a Reply