अब बस स्टॉप पर होगा एसी, चार्जिंग प्वाइंट और वाई-फाई

हैदराबाद। एयर कंडीशनर, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट्स, कॉफी मशीन और वाई-फाई के बारे में सुनने में ऐसा लगता है कि ये सब सुविधाएं किसी एयरपोर्ट या मेट्रो स्टेशन की हैं। लेकिन ऐसा नहीं है। यहां बात की जा रही है, हैदराबाद के नए बस स्टॉप की। नगरपालिका प्रशासन मंत्री केटी रामाराव ने मंगलवार को शिल्पारामम के निकट हाई टेक सिटी में इस तरह के पहले बस शेल्टर का उद्घाटन किया। इसी तरह के दो और भी एडवांस बस शेल्टर अंतिम रूप से तैयार होने वाले हैं, जिन्हें जल्दी शुरू कर दिया जाएगा। इन सुविधाओं के अलावा बस स्टॉप पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग टॉयलेट, पानी की मशीन, पैसेंजर इन्फॉर्मेशन सिस्टम और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ग्रेटर हैदराबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की सीमा के अंदर इस तरह के 826 बस शेल्टर बनने हैं। आकार और सुविधाओं के अनुसार इन शेल्टर्स को चार अलग-अलग वर्गों में बांटा गया है। ग्रेड-2 के बस स्टॉप में एसी की जगह पंखे होंगे। इसके अलावा महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग टॉयलेट, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, वाई-फाई और पानी की मशीन होगी। ग्रेड-3 की शेल्टर में सिर्फ मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, टॉयलेट और महिलाओं और पुरुषों के लिए पानी की मशीन जैसी सुविधाएं होंगी।
