अब सोमालिया में तेज़ी से पांव पसार रहा आईएसआईएस

मोगुदिश। पिछले साल के अंत में सीरिया और इराक पर नियंत्रण खोने के बाद आंतकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने हाल के दिनों में सोमालिया में तेजी से पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। 25 जुलाई को आईएसआईएस ने दक्षिण सोमालिया के लोअर शाबेल इलाके में 14 लोगों को मारने या घायल करने का दावा किया है। जनवरी से जुलाई 2018 तक सोमालिया में आईएस के हमलों से जुड़े आंकड़ों से इस देश में आईएस की बढ़ती गतिविधियों के बारे में पता चलता है। आईएसआईएस का दावा है कि ख़ुफ़िया और सुरक्षाकर्मियों पर अधिकांश हमले सुनियोजित तरीके से किए हैं।कुछ हमले जो दिन के समय किए गए उन्हें फिल्माया भी गया है। शुरू में इस समूह ने अधिकांश हमले दक्षिण-पश्चिमी शहर अफगोये में करने का दावा किया लेकिन हाल में अधिकांश हमले राजधानी मोगादिशु के आसपास के शहरों में करने का दावा किया गया  है। 

आंकड़ों के मुताबिक आईएसआईएस ने इस साल पहली जनवरी से 31 जुलाई तक सोमालिया में 39 हमले किए जिनमें से 27 हमले केवल तीन महीने मई, जून और जुलाई में किए गए।साल 2017 में आईएसआईएस ने पूरे साल के दौरान सोमालिया में 21 हमले करने के दावे किए थे। इसका मतलब है कि सोमालिया में आईएसआईएस के हमलों में वृद्धि हुई है। आईएसआईएस ने अधिकतर घात लगाकर या गोली मारकर हत्याएं की लेकिन कुछ में इम्प्रूवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस यानी आईईडी का इस्तेमाल भी किया गया।आईएसआईएस के निशाने पर ख़ुफ़िया अधिकारी,सोमाली पुलिस और सैन्यकर्मी रहे हैं। सोमालिया में आईएसआईएस की गतिविधियां बढ़ने के बावजूद इनके हमले अपेक्षाकृत छोटे रहे हैं। सोमालिया में आईएस का प्रतिद्वंद्वी संगठन अल-शबाब सेना, सरकार और अफ़्रीकी सेनाओं पर अक्सर बड़े और घातक हमले करता है।

Leave a Reply