अमेरिका में भारतीय मूल के व्यक्ति की हत्या

भाषा, वाशिंगटन: अमेरिका के ओहियो में दो नकाबपोश हमलावरों द्वारा एक लूट की वारदात के दौरान किए गए हमले में भारतीय मूल के एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि करणाकर करेंग्ले (53) सोमवार को कैमलोट ड्राइव स्थित जिफी कन्वीनियंस मार्ट में काम कर रहे थे। रात करीब 10 बजे दो व्यक्ति हथियार से लैस हो कर आए थे।
घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचे फेयरफील्ड दमकल विभाग के कर्मियों ने करेंग्ले को यूसी वेस्ट चेस्टर अस्पताल पहुंचाया। जर्नल न्यूज के अनुसार पुलिस ने बताया कि घायल करेंग्ले की शुक्रवार को मृत्यु हो गई। इस घटना के संबंध में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस घटना के बाद आसपास के व्यापारिक प्रतिष्ठानों और कर्मचारियों में थोड़ी बेचैनी है।
