अमेरिका से बातचीत को अब भी तैयार है उत्तर कोरिया

सियोल । उत्तर कोरिया ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दोनों देशों के बीच होने वाली शिखर वार्ता को रद्द करने के निर्णय को अफसोसजनक बताया और कहा कि वह अब भी वार्ता का इच्छुक है। उत्तर कोरिया के फर्स्ट वाइस फॉरन मिनिस्टर किम के-ग्वान ने कहा, बैठक रद्द करने की आकस्मिक घोषणा हमारे लिए अप्रत्याशित है और हम इसे बेहद अफसोसजनक मानते हैं। हम एक बार फिर अमेरिका से कहना चाहते हैं कि हम किसी भी समय किसी भी रूप में आमने-सामने बैठकर समस्याओं का समाधान करने को तैयार हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने किम जोंग उन के साथ होने वाली शिखर वार्ता को गुरुवार को रद्द कर दिया था और इसके लिए उत्तर कोरियाई शासन की खुली शत्रुता को जिम्मेदार ठहराया था। ट्रंप ने किम को पत्र लिख सूचना दी कि सिंगापुर में 12 जून को होने वाली उच्च स्तरीय बैठक में वह हिस्सा नहीं लेंगे। इसके बाद उत्तर कोरियाई फर्स्ट वाइस फॉरन मिनिस्टर किम के-ग्वान ने अपने बयान में कहा कि उत्तर कोरियाई नेता शिखर वार्ता की तैयारी कर रहे थे। ट्रंप के बैठक रद्द करने की घोषणा से कुछ देर पहले ही उत्तर कोरिया ने अपने परमाणु परीक्षण ठिकानों को पूरी तरह ध्वस्त करने की जानकारी भी दी थी।
