अरविंद केजरीवाल ने कहा कि किसानों की मांग जायज

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों का खुलकर समर्थन किया है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि किसानों की मांग जायज है, केंद्र सरकार को जल्द उनकी मांगें मान लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार इनकी बातें मानती है तो उसमें कोई झुकने वाली बात नहीं है। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही दुख की बात है कि शहीद–ए–आजम भगत सिंह के जन्म दिवस पर आज किसानों को भारत बंद का आह्वान करना पड़ा है। किसानों को अपनी मांगों को मनवाने के लिए लगभग एक साल का समय हो गया है। यह तो आजाद भारत है, आजाद भारत में भी अगर किसानों की नहीं सुनी जाएगी, तो फिर कहां सुनी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के साथ वार्ता को बहुत हो चुकी है। अब केंद्रीय कृषि मंत्री को एलान कर देना चाहिए कि केंद्र सरकार उनकी मांगे मान रही है।
दरअसल मुख्यमंत्री ने सोमवार को दिल्ली विधानसभा परिसर में शहीद–ए–आजम भगत ¨सह के 114वें जन्मदिन पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया। साथ ही, शहीद सुखदेव और राजगुरू की प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान केंद्रीय विधानसभा के प्रथम निर्वाचित भारतीय अध्यक्ष विट्ठलभाई पटेल की भी जयंती मनाई गई। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने उन्हें पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल समेत अन्य गणमान्य लोगों ने भी भगत सिंह और विट्ठलभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया। किसानों के मुद्दे पर भी उन्होंने जवाब दिया। इस दौरान सीएम ने कहा कि शहीद–ए–आजम भगत सिंह ने देश को आजाद कराने के लिए सर्वोच्च कुर्बानी दी। दिल्ली सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य समेत अन्य क्षेत्रों में उनके बताए रास्ते पर चलने की कोशिश कर रही है।
सीएम ने कहा कि भगत सिंह के जन्मदिन के अवसर पर हम आज यहां पर उन्हें याद करने के लिए एकत्र हुए हैं। उन्होंने कहा कि आज बिट्ठल भाई पटेल का भी जन्मदिन है। आज उन्हें भी हम लोगों ने याद किया। उनके बताए रास्ते पर भी हम सब लोग चलने की कोशिश कर रहे हैं। हम उम्मीद कर रहे हैं कि उनका आशीर्वाद हम सब पर बना रहे।
